युवा संगम रोजगार मेले में 73 युवाओं को नौकरी का अवसर, 9 कंपनियों ने लिया साक्षात्कार
138 युवाओं ने कराया पंजीयन, स्वरोजगार के इच्छुक आवेदकों को भी मिला मार्गदर्शन

इंदौर में आयोजित युवा संगम रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनियों ने 73 युवाओं का रोजगार और अप्रेंटिसशिप के लिए प्रारंभिक चयन किया। जिला रोजगार कार्यालय की ओर से आयोजित इस एक दिवसीय मेले में कुल 138 युवाओं ने पंजीयन कराया था। नौ कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेकर विभिन्न पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन किया।
अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के अवसर
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार, नवाचार और अप्रेंटिसशिप से जुड़े अवसर उपलब्ध कराना था। चयनित अभ्यर्थियों को सर्वेयर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलिंग, डेवलपर, डिजिटल मार्केटिंग इंटर्न, जूनियर टेक्नीशियन और जूनियर एग्जीक्यूटिव सहित विभिन्न पदों के लिए प्रारंभिक रूप से चुना गया। इसके अलावा बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, सेल्स ट्रेनी, बैक ऑफिस एग्जीक्यूटिव और कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव के पदों पर भी चयन प्रक्रिया हुई।
नौ कंपनियों ने लिया हिस्सा
रोजगार मेले में पीवीआर, जस्ट डायल, डिलीवरी, शेफाली बिजनेस, मोजेक, फिनोडिया और कैपिटल सहित नौ कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कंपनियों ने अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप अभ्यर्थियों से बातचीत कर साक्षात्कार के आधार पर चयन किया। मेले में युवक और युवतियों दोनों ने रोजगार के अवसरों के लिए भागीदारी की।
स्वरोजगार के लिए भी दी गई जानकारी
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र की टीम ने स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक चार आवेदकों को शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्हें योजनाओं के तहत उपलब्ध अवसरों और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन देते हुए स्वरोजगार के लिए प्रकरण तैयार कराने को प्रेरित किया गया। इस तरह रोजगार मेले के माध्यम से नौकरी के साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं को भी सहायता उपलब्ध कराई गई।



