इंदौर में खाद्य विभाग की 11 प्रतिष्ठानों पर जांच, 26 नमूने लिए
त्योहारी बाजार में शुद्धता की पड़ताल के साथ नापतोल विभाग की कार्रवाई

दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं को सही तौल सुनिश्चित कराने के लिए इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन और नापतोल विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। मंगलवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 11 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई और खाद्य सामग्री के 26 नमूने लिए गए। दो प्रतिष्ठानों पर नापतोल विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए बिना सत्यापन के इस्तेमाल हो रहे तौल उपकरण और बाट जब्त किए।
डेयरी और मिठाई प्रतिष्ठानों से लिए नमूने
छोटा बांगड़दा की मुस्कान डेयरी से पनीर, ट्रेडिशनल स्वीट्स और घी के तीन नमूने लिए गए। स्कीम नंबर 51 की स्नेहल डेयरी से पनीर और घी तथा राधास्वामी नगर स्थित राममोहन दूध दही भंडार से दूध का नमूना लिया गया। मूसाखेड़ी के फार्मर्स मिल्क कार्ट से मावा, मिल्क केक, रसगुल्ला और केसर पेड़ा के नमूने लिए गए। यहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है।
तौल उपकरणों में मिली अनियमितता
एसडीए कंपाउंड स्थित बसंत इंटरप्राइजेज से रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। यहां इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण का सत्यापन नहीं पाया गया, जिसके बाद उसे जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया। पैकेटों पर आवश्यक घोषणाएं और वजन नियमानुसार मिले। फार्मर्स मिल्क कार्ट में इस्तेमाल हो रहा असत्यापित बाट भी जब्त कर कार्रवाई की गई।
तेल, नमकीन और अन्य खाद्य सामग्री की जांच
साउथ तुकोगंज के श्रीवारी फूड वेंचर्स से उड़द दाल का नमूना लिया गया। यहां कीट नियंत्रण व्यवस्था में कमी और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं मिलने पर नोटिस जारी किया जा रहा है। पगनिशपागा की एसएस ट्रेडिंग फर्म से चार तरह के वनस्पति और रिफाइंड तेल के नमूने लिए गए। खातीवाला टैंक के पूजा नमकीन भंडार से मूंगफली तेल, बेसन और सोनपापड़ी के नमूने लिए गए।
दूध, मावा और मिठाइयों की भी पड़ताल
तेजाजी नगर की नवशक्ति दूध डेयरी एंड स्वीट्स में मावा और पनीर का प्रारंभिक परीक्षण करने के बाद मावा, पनीर, मावा रोल और पेड़ा के नमूने लिए गए। इसी क्षेत्र के कृष्णा दूध दही भंडार से मिश्रित दूध तथा खंडवा नाका की सांवरिया दूध डेयरी से गुपचुप और केसर पेड़ा के नमूने लिए गए।
स्ट्रीट वेंडर्स को भी दी गई समझाइश
उच्च न्यायालय और एलआईसी कार्यालय परिसर के आसपास खाद्य सुरक्षा टीम ने स्ट्रीट वेंडर्स को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, साफ-सफाई और निर्धारित मानकों के पालन की जानकारी दी। सभी 26 नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी अवधि में विभाग का निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।



