कलेक्टर कार्यालय में सजा स्वदेशी उत्पादों का बाजार, महिलाओं को मिला प्रोत्साहन
शिवम वर्मा ने खरीदे महिला समूहों के उत्पाद, नागरिकों से भी स्थानीय हस्तनिर्मित सामग्री अपनाने की अपील

दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्व-सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने की पहल के तहत इंदौर कलेक्टर कार्यालय में विशेष स्टॉल लगाया गया। यहां मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार की गई सजावटी और पर्यावरण अनुकूल सामग्री बिक्री के लिए रखी गई है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने सोमवार को स्टॉल का निरीक्षण किया और स्वयं उत्पाद खरीदकर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।
स्थानीय हुनर को मिला मंच
स्टॉल पर महिला समूहों द्वारा तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियां, मिट्टी के दीपक, दीपावली की सजावटी सामग्री और गोबर से बने पर्यावरण अनुकूल उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के हुनर को बाजार तक पहुंचाना और उनके उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रयास
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं को उनके उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे महिलाएं अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ा सकेंगी और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
ग्रामीण हाट में ढाई लाख की बिक्री
महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिए ढक्कन वाला कुआ स्थित ग्रामीण हाट बाजार में भी विशेष मेले का आयोजन किया गया था। मेले में नागरिकों की अच्छी भागीदारी रही और महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की कुल ढाई लाख रुपये की बिक्री दर्ज की गई।
स्टॉल पर भी बढ़ा खरीदारी का आंकड़ा
कलेक्टर कार्यालय में लगाए गए स्टॉल को भी अच्छा प्रतिसाद मिला। सोमवार दोपहर तक यहां 40 हजार रुपये से अधिक के उत्पाद बिक चुके थे। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि दीपावली पर स्थानीय महिला समूहों के स्वदेशी और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को खरीदने में प्राथमिकता दें, ताकि स्थानीय हुनर और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन मिल सके।



