सिख गुरुओं के बलिदान ने भारत की संस्कृति और पहचान की रक्षा की : CM योगी आदित्यनाथ
लखनऊ में गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व समारोह में मुख्यमंत्री ने त्याग, समानता, सेवा और वीर साहिबजादों के बलिदान को किया याद

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिख गुरुओं का त्याग और बलिदान भारत की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक विरासत की रक्षा का आधार रहा है। देश और धर्म की रक्षा के लिए गुरुओं ने जिस साहस और समर्पण का परिचय दिया, वह भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उनकी परंपरा ने समाज को अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री मंगलवार को ऐशबाग रोड स्थित डीएवी पीजी कॉलेज मैदान में गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सिख समाज को दी प्रकाश पर्व की बधाई
CM योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार और जनता की ओर से सिख समाज को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अमृतसर के हेड ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह और सिख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, तलवार और गुरु नानक देव का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
गुरु नानक देव ने दिया समानता और मानवता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव ने अपनी यात्राओं के माध्यम से 'एक ओंकार' का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। उनकी शिक्षा के अनुसार ईश्वर एक है और सभी मनुष्य उसकी संतान हैं। इसलिए समाज में प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता का अर्थ अन्याय के सामने झुकना नहीं, बल्कि गलत के विरुद्ध साहस के साथ खड़े होना भी है।
नाम जपो, कीरत करो और वंड छको जीवन के आधार
CM योगी ने गुरु नानक देव के तीन प्रमुख सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और अपनी कमाई में दूसरों को सहभागी बनाना जीवन को सार्थक बनाता है। गुरुद्वारों में संचालित लंगर व्यवस्था इन मूल्यों का उदाहरण है, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा सेवा और सामाजिक समानता को मजबूत करती है।
मुख्यमंत्री आवास में वीर बाल दिवस मनाने की परंपरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि लखनऊ के गुरुद्वारों के सहयोग से मुख्यमंत्री आवास पर 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी। गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के बाद से यह आयोजन लगातार किया जा रहा है। उन्होंने चार साहिबजादों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका साहस नई पीढ़ी को धर्म, राष्ट्र और जीवन मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।
ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब जाने की जताई इच्छा
CM योगी आदित्यनाथ ने इच्छा जताई कि लखनऊ के श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिले। कार्तिक पूर्णिमा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न तीर्थस्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ, हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर और अमरोहा के तिगरी मेले सहित प्रयागराज, अयोध्या, फर्रुखाबाद और काशी में भी धार्मिक आयोजन हो रहे हैं।
देव दीपावली और गुरु पर्व के आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में देव दीपावली का विशेष महत्व है। मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर धरती को आतंक से मुक्त किया था। ऐसे पवित्र अवसर पर गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व आध्यात्मिक महत्व को और बढ़ाता है।
समारोह में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए अरदास
कार्यक्रम में राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता को श्रद्धांजलि दी और संगत से उनकी आत्मा की शांति के लिए अरदास करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और उनके परिवार की कुशलता की कामना भी की।
सिख समाज के लिए मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना
उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिख समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और समाज में एकजुटता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। उन्होंने इन पहलों के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।



