काशी-तमिल संगमम बना राष्ट्रीय एकता का आंदोलन : सीएम योगी
उपराष्ट्रपति ने पांचवें संस्करण का किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि काशी तमिल संगमम एक छोटे सांस्कृतिक प्रयोग से आगे बढ़कर राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समन्वय का आंदोलन बन चुका है। वर्ष 2022 में कुछ सौ लोगों के साथ शुरू हुए इस आयोजन से आज हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और शोधकर्ता जुड़ रहे हैं। शनिवार को वाराणसी में आयोजित पांचवें संस्करण में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर तिरुक्कुरल के 50 भाषाओं में अनूदित संस्करण भी जारी किए गए।
काशी और तमिलनाडु का सांस्कृतिक रिश्ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की परिकल्पना को आगे बढ़ा रहा है। काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि काशी में गंगा और तमिलनाडु में कावेरी होने के बावजूद दोनों क्षेत्रों के सांस्कृतिक मूल्य एक ही धारा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र केवल नक्शे से नहीं, बल्कि लोगों के दिलों को जोड़ने वाले संबंधों से बनता है।
इतिहास में भी मिलते हैं संबंध
CM योगी ने 15वीं शताब्दी में तेनकासी में काशी विश्वनाथ मंदिर के निर्माण के साथ आदि शंकराचार्य, रामानुजाचार्य और संत कुमारगुरुपरार के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वाराणसी के केदार घाट, हनुमान घाट और हरिश्चंद्र घाट पर आज भी तमिल समुदाय की मौजूदगी है। इन क्षेत्रों को छोटा तमिलनाडु भी कहा जाता है।
50 भाषाओं में तिरुक्कुरल
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि काशी और तमिलनाडु के बीच हजारों वर्षों पुराना सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध है। इस वर्ष का आयोजन 'तिरुक्कुरल पयिलवोम' यानी तिरुक्कुरल का अभ्यास करें विषय पर केंद्रित है। उन्होंने तिरुक्कुरल को समानता, मानवता और नैतिकता का सार्वभौमिक संदेश देने वाला ग्रंथ बताया। इसके 50 भाषाओं में अनुवाद को तमिल साहित्य की पहुंच बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। इनमें 10 विदेशी भाषाएं भी शामिल हैं।
काशी विश्वनाथ धाम का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम के विकास का जिक्र करते हुए दावा किया कि धाम के उद्घाटन के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि काशी आने वाले करीब 70 प्रतिशत पर्यटक दक्षिण भारत से होते हैं। इससे पर्यटन के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के अवसर भी बढ़े हैं।



