प्रधानमंत्री मोदी ने किया भगवान मुरुगन का जयघोष
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दीपथून में फिर जलेगा दीप

तमिलनाडु के मदुरै जिले की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर कार्तिकई दीपम का दीप दोबारा प्रज्वलित करने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान मुरुगन का जयघोष किया। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को तमिल भाषा में सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ''भगवान मुरुगन की जय'' और इस उद्घोष को तीन बार दोहराया।
शनिवार को दीप प्रज्वलन का निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अपने नए निर्देश में कहा कि शनिवार को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के विवादित दीपथून स्तंभ पर कार्तिकई दीपम का दीप प्रज्वलित किया जाए। अदालत ने पाया कि तमिलनाडु के अधिकारियों ने 20 नवंबर को दिए गए उसके पूर्व आदेश का प्रथम दृष्टया जानबूझकर उल्लंघन किया। उस आदेश में 24 नवंबर को कार्तिकई दीपम उत्सव के अवसर पर दीपथून में दीप प्रज्वलित करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन निर्धारित स्तंभ के बजाय पारंपरिक उची पिल्लैयार मंडपम में दीप जलाया गया।
अदालत ने राज्य सरकार और मंदिर प्रशासन को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि आदेश का खुलेआम और जानबूझकर पालन नहीं करना अवज्ञा के समान है। सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति संवैधानिक अराजकता का कारण बन सकती है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों से सख्ती से निपटने का समय आ गया है।
नितिन नवीन ने बताया भक्तों की ऐतिहासिक विजय
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए इसे भगवान मुरुगन के भक्तों की ऐतिहासिक विजय बताया। उन्होंने कहा कि दीपथून पर दीप प्रज्वलित करने की सुविधा देने का निर्देश भारत की पवित्र धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने के भक्तों के अधिकार की पुष्टि करता है। नवीन ने कहा कि प्रशासनिक शक्ति का इस्तेमाल धार्मिक परंपराओं को कमजोर करने या भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं किया जा सकता। कोई भी राजनीतिक षड्यंत्र भारत की पवित्र परंपराओं को रोक नहीं सकता।



