जनशक्ति उजाला
समाचार

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: नई दिल्ली2 मिनट पढ़ें
विदेश मंत्री एस. जयशंकर और डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसन।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर और डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसन।
शेयर करें:

विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भारत यात्रा पर आए डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसन ने दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई है। शनिवार को नई दिल्ली में भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की पांचवीं बैठक की सह-अध्यक्षता करते हुए दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय, बहुपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा किए। बैठक में व्यापार, तकनीक, ऊर्जा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

ग्रीन पार्टनरशिप की समीक्षा

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों ने ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के तहत हुई प्रगति का आकलन किया। इसमें जल प्रबंधन, शिपिंग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, संस्कृति, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, औद्योगिक सहयोग और सुरक्षा जैसे विषयों पर भी बातचीत हुई।

डेनमार्क महत्वपूर्ण साझेदार

बैठक के उद्घाटन सत्र में विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप भारत और डेनमार्क के संबंधों की प्रमुख पहचान बन चुकी है। यह साझेदारी डेनमार्क की तकनीकी विशेषज्ञता और भारत की विकास संबंधी जरूरतों को एक साथ लाती है। दोनों देश जल प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली और ग्रीन शिपिंग के क्षेत्र में मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में डेनमार्क एक महत्वपूर्ण साझेदार है।

व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर

विदेश मंत्री ने भारत में डेनमार्क की कंपनियों के योगदान की सराहना करते हुए दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कारोबार से जुड़ी चुनौतियों को दूर करने के लिए दोनों सरकारों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में सहयोग भी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती दे रहा है।

भविष्य के सहयोग पर चर्चा

विदेश मंत्री जयशंकर ने इस वर्ष मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के बीच हुई मुलाकात का भी उल्लेख किया। यह बैठक तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा बैठक में उस दौरान हुई चर्चाओं की प्रगति की समीक्षा का अवसर मिला। दोनों पक्षों ने रक्षा और सुरक्षा, उभरती तकनीकों, अंतरिक्ष, शिक्षा, कौशल विकास और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में भविष्य के सहयोग पर भी विचार किया।

शेयर करें:

संबंधित खबरें