जनशक्ति उजाला
समाचार

वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की साजिश नाकाम, AK-47 के साथ संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

कोर्ट ने 14 दिन की रिमांड पर भेजा

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: वडोदरा, गुजरात3 मिनट पढ़ें
एयरफोर्स स्टेशन की रेकी के मामले में गिरफ्तार संदिग्ध के पास से एके-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद।
एयरफोर्स स्टेशन की रेकी के मामले में गिरफ्तार संदिग्ध के पास से एके-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद।
शेयर करें:

गुजरात में आतंकी हमले की साजिश का खुलासा करते हुए गुजरात एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोपी के निशाने पर वडोदरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक एके-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब एक साल से पाकिस्तान में बैठे जैश के हैंडलर के संपर्क में था और एयरफोर्स स्टेशन की रेकी भी कर चुका था। अदालत ने उसे पूछताछ के लिए 14 दिन की रिमांड पर एटीएस को सौंप दिया है।

असम का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार संदिग्ध की पहचान मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरुद्दीन के रूप में हुई है। वह असम के करीमगंज जिले का निवासी है। गुजरात एटीएस को उसके वडोदरा में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीमों ने उसकी तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि वह सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में ठहरा था, लेकिन एटीएस के पहुंचने से पहले ही वहां से निकल गया। बाद में उसके दाहोद से वडोदरा लौटने की सूचना मिलने पर हालोल-वडोदरा हाईवे पर गोल्डन चौकड़ी के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मोबाइल में मिले एयरफोर्स स्टेशन की रेकी के सबूत

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी असम से ट्रेन के जरिए भोपाल पहुंचा था और वहां से बस से वडोदरा गया। पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर के निर्देश पर उसने एयरफोर्स स्टेशन के प्रवेश द्वार की रेकी की थी। इसके बाद वह हथियार लेने दाहोद गया। एटीएस को उसके मोबाइल फोन की जांच में वॉट्सऐप और गैलरी से एयरफोर्स स्टेशन के गेट के फोटो और वीडियो मिले हैं। साथ ही एके-47 जैसी असॉल्ट राइफल चलाने के प्रशिक्षण से जुड़े वीडियो भी मिले।

पाकिस्तान जाने की बना रहा था योजना

जांच एजेंसी को मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला नाम के पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में रहने के साक्ष्य मिले हैं। आरोप है कि हैंडलर ने नया मोबाइल खरीदने के लिए उसे 50 हजार रुपये नकद दिए थे। एटीएस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर हमले के बाद पाकिस्तान जाने और जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होने की योजना बना रहा था।

14 दिन की रिमांड पर सौंपा

गुजरात एटीएस ने आरोपी को वाघोडिया कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगी। सुनवाई के दौरान शुरुआत में वकीलों ने उसकी ओर से पैरवी करने से इनकार किया, हालांकि बाद में एक वकील इसके लिए तैयार हो गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 14 दिन की रिमांड मंजूर कर दी। एटीएस होटल और असम के करीमगंज स्थित आरोपी के घर से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित साजिश में उसके अलावा और कौन लोग शामिल हैं।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालानई दिल्ली2 मिनट पढ़ें