जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर में 35 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे स्नूकर का हुनर, मुख्यमंत्री ने खेल अकादमियों के लिए भूमि देने का किया ऐलान

वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
स्नूकर खेल में हाथ आजमाते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ।
स्नूकर खेल में हाथ आजमाते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में खेलों के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं को विकसित करने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। किसी भी खेल की अकादमी स्थापित करने के लिए भूमि की जरूरत होने पर सरकार उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को इंदौर में वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (BSFI) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में करीब 35 देशों के 150 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

तीन दिनों में प्रदेश में दो अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए यह गौरव का विषय है कि तीन दिनों के भीतर प्रदेश में दो अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। आगामी 19 नवंबर को महिला हॉकी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता भी होने जा रही है। उन्होंने विदेशी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि इंदौर मां अहिल्या की नगरी और मालवा की आर्थिक राजधानी है। यहां अतिथि सत्कार की समृद्ध परंपरा है। प्रदेश में आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और आतिथ्य उपलब्ध कराया जाएगा। महासंघ के 100 वर्ष पूरे होने पर उन्होंने पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ को बधाई भी दी।

खेलों को मिल रहा राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को मिल रहे प्रोत्साहन का उल्लेख करते हुए कहा कि अब ओलंपिक, एशियाई खेल और कॉमनवेल्थ जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां लगातार बढ़ रही हैं। सरकार की खेल नीतियों और खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों से नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। प्रदेश में भी सभी खेलों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों का भविष्य भी महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल प्रशिक्षक केवल खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का काम नहीं करते, बल्कि देश के भविष्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों का भविष्य भी सुरक्षित और बेहतर होना चाहिए। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री रहते हुए खेल एवं खेल प्रशिक्षकों से जुड़ी व्यवस्थाओं में आवश्यक संशोधन किए थे, जिससे प्रशिक्षकों को उच्च शैक्षणिक पदों और पदोन्नति के अवसर मिल सकें। नई शिक्षा नीति के तहत खेलों को विषय के रूप में शामिल करने से विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

पंकज आडवाणी के साथ मुख्यमंत्री ने खेला स्नूकर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना करते हुए चैंपियनशिप के शुभारंभ की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी पंकज आडवाणी के साथ बिलियर्ड्स टेबल पर खेल में हाथ भी आजमाया। इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के सुनील बजाज और बाला सुब्रमण्यम, मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ के भोलू मेहता और अश्विन पुराणिक, यशवंत क्लब के विजय कस्तूरी और जीतू जैन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गीत सेठी, पंकज आडवाणी, अंतरराष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के जिम लेसी, सुमित मिश्रा, मानसिंह यादव सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें