जनशक्ति उजाला
समाचार

दो साल तक शिकायतें लंबित रखने वाले अधिकारियों पर संभागायुक्त सख्त

अतिक्रमण और लापरवाही पर जताई नाराजगी

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार।
समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार।
शेयर करें:

समयसीमा में शिकायतों का निराकरण नहीं करने और जांच रिपोर्ट में देरी करने वाले अधिकारियों के प्रति संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने सख्त नाराजगी जताई है। शनिवार को आयोजित पहली समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि छोटी-छोटी शिकायतों के निराकरण में महीनों और यहां तक कि दो साल तक का समय लगना अधिकारियों की कार्यक्षमता पर सवाल खड़े करता है। उपयंत्री से जुड़े एक जांच प्रकरण में स्पष्ट अभिमत नहीं देने पर संबंधित कार्यपालन यंत्री को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

आश्रम छात्रावासों की हर महीने होगी निगरानी

संभागायुक्त ने जनजातीय कार्य विभाग के आश्रम छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों से जुड़ी शिकायतों पर सभी छात्रावासों की चेकलिस्ट तैयार कराने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी और संबंधित विभाग के अधिकारी हर महीने इस सूची को अपडेट करेंगे, ताकि व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी हो सके। इंदौर खासगी ट्रस्ट से जुड़े मामले में भी उन्होंने स्पष्ट और तथ्यपूर्ण जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

अतिक्रमण पर कार्रवाई में देरी से नाराज

देपालपुर और लिम्बोदी क्षेत्र में सरकारी जमीन और नालों पर अतिक्रमण की शिकायतों का लंबे समय तक निराकरण नहीं होने पर संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अवैध निर्माण और अतिक्रमण की जांच जल्द पूरी कर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करने तथा सरकारी भूमि से कब्जे हटाने के निर्देश दिए। लिम्बोदी मामले में पटवारी की कार्यप्रणाली को भी निराशाजनक बताया।

लीज रेंट नहीं देने वालों की लीज होगी निरस्त

इंदौर विकास प्राधिकरण को लीजधारकों से बकाया लीज रेंट समयसीमा में वसूलने के निर्देश दिए गए। संभागायुक्त ने कहा कि भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ लीज निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कनकेश्वरी धाम में डेढ़ लाख पौधों के सूखने के मामले में नगर निगम से जवाब नहीं मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। वहीं खंडवा-इंदौर रोड का निर्माण जल्द पूरा करने और सरदार सरोवर परियोजना के विस्थापितों के धरने की जांच एनवीडीए से कराने को कहा।

वेतन कटौती की जांच करेगा श्रमायुक्त कार्यालय

एमजीएम आउटसोर्स कंपनी द्वारा कर्मचारियों के वेतन में कटौती और मनमाने भुगतान की शिकायत की जांच अब श्रमायुक्त कार्यालय करेगा। संभागायुक्त ने सभी एसडीएम को मर्ग जांच तीन महीने से अधिक लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि अगले महीने से वे स्वयं जिलों में पहुंचकर फोटो निर्वाचक नामावली से जुड़े कार्यों का निरीक्षण करेंगे।

बैठक में प्रभारी उपायुक्त राजस्व शैली कनाश, जनजातीय कार्य विभाग के उपायुक्त गणेश भाबर, एनवीडीए की अपर संचालक सपना जैन, कोष एवं लेखा विभाग की संयुक्त संचालक नीलम निनामा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, एसडीएम और अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

शेयर करें:

संबंधित खबरें