इंदौर में 5 प्रदूषणकारी उद्योगों पर निगम का शिकंजा
4 लाख का जुर्माना, पाइप बंद

इंदौर में औद्योगिक प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। सरस्वती नदी में बिना उपचार किया हुआ अपशिष्ट जल छोड़ने और औद्योगिक क्षेत्रों में गंदा पानी नालों में प्रवाहित करने के मामलों में पांच औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई की गई। निगम ने इन इकाइयों पर कुल 4 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कार्रवाई के दौरान कुछ कंपनियों के पानी के आउटलेट पाइप भी बंद कराए गए।
ड्रोन सर्वे में पकड़ा गया नदी प्रदूषण का मामला
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के निर्देश पर हुए ड्रोन सर्वे में जोन क्रमांक 13 के वार्ड 75 अंतर्गत ग्राम बिजलपुर में सरस्वती नदी में अनुपचारित औद्योगिक अपशिष्ट जल छोड़े जाने का मामला सामने आया। जांच में टीएम एंटरप्राइजेज के संचालक हरीश भोसले द्वारा बिना उपचार किए पानी नदी में प्रवाहित करना पाया गया। फैक्ट्री संचालक आवश्यक CTO दस्तावेज और ईटीपी के रखरखाव एवं फ्लो रिकॉर्ड से जुड़े कागजात भी प्रस्तुत नहीं कर सके। निगम ने इस इकाई पर 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
चार कंपनियों पर 3.60 लाख की पेनल्टी
इसी तरह जोन क्रमांक 17 के वार्ड 19 स्थित औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर C और F में निरीक्षण के दौरान चार इकाइयों में नियमों का उल्लंघन मिला। नेहा प्लास्टिक कंपनी पर ईटीपी बंद रखने और पानी नाले में छोड़ने पर 1 लाख, द वरुण फूड्स पर ईटीपी फ्लो मीटर बंद मिलने पर 60 हजार, श्रीराम इंडस्ट्रीज पर ईटीपी प्लांट नहीं होने पर 1 लाख और रमेश टेक्सटाइल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पर सीवर का पानी सीधे नाले में छोड़ने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इन चारों पर कुल 3.60 लाख रुपये का स्पॉट फाइन किया गया। संबंधित कंपनियों के आउटलेट पाइप भी बंद कराए गए।
शपथ पत्र और दस्तावेज जमा करने के निर्देश
आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर की गई इन कार्रवाइयों के तहत संबंधित औद्योगिक इकाइयों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। चार कंपनियों को स्वीकारोक्ति शपथ पत्र, चालान और ईटीपी से जुड़े दस्तावेजों के साथ सोमवार को आयुक्त के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना उपचारित औद्योगिक पानी नदी, नालों और ड्रेनेज लाइनों में छोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।



