इंदौर का विकास मॉडल समझने पहुंचे प्रशिक्षु सिविल सेवा अधिकारी
स्वच्छता और प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी

इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रशासनिक नवाचारों को समझने के लिए दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा के 62वें बैच के प्रशिक्षु अधिकारी शनिवार को शहर पहुंचे। अपने भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर शिवम वर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें जिले की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
स्वच्छता से ग्रीन सिटी तक की पहल जानी
कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्रशिक्षु अधिकारियों को इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था और इस क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने शहर में विकसित किए जा रहे हरित क्षेत्रों, ग्रीन सिटी की अवधारणा और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की। इसके साथ ही नागरिक सहभागिता, प्रशासनिक नवाचार और जिले की विकास गतिविधियों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
ऐतिहासिक स्थलों का भी करेंगे भ्रमण
प्रशिक्षु अधिकारी अपने इंदौर प्रवास के दौरान शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी करीब से जानेंगे। उनके कार्यक्रम में लालबाग पैलेस, राजवाड़ा और 56 दुकान सहित प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण शामिल है। इससे उन्हें इंदौर की ऐतिहासिक पहचान, खानपान, संस्कृति और विकास यात्रा को समझने का अवसर मिलेगा। कलेक्टर ने कहा कि भविष्य में देश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालने वाले इन अधिकारियों के लिए इंदौर की कार्यप्रणाली और अनुभवों को जानना उपयोगी रहेगा।



