जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर में फायर सेफ्टी पर निगम का बड़ा एक्शन, भवन सील

हॉस्टल, लाइब्रेरी और दुकानों पर कार्रवाई

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने वाले भवनों और प्रतिष्ठानों पर नगर निगम कार्रवाई।
फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने वाले भवनों और प्रतिष्ठानों पर नगर निगम कार्रवाई।
शेयर करें:

इंदौर में अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। फायर सेफ्टी के निर्धारित इंतजाम नहीं करने और पहले जारी नोटिस के बावजूद नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को सील किया गया। इस कार्रवाई में जोन क्रमांक 21 के कैफे हाटो सहित पांच दुकानों और जोन क्रमांक 12 के प्रोफेसर कॉलोनी एवं भंवरकुआं स्क्वायर क्षेत्र के चार भवनों के हिस्सों पर कार्रवाई की गई।

हॉस्टल के किचन और लाइब्रेरी सील

नगर निगम के अपर आयुक्त प्रखर सिंह के अनुसार, जोन क्रमांक 21 में कैफे हाटो सहित पांच दुकानों को पूर्व में जारी नोटिस का पालन नहीं करने पर सील किया गया। वहीं जोन क्रमांक 12 के वार्ड 65 में फायर सेफ्टी मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर डुबे बॉयज हॉस्टल, श्रीपत हॉस्टल और भाग्यश्री हॉस्टल के किचन सील किए गए। इसके अलावा प्लॉट नंबर 5 स्थित रामबाबू अग्रवाल लाइब्रेरी पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।

लापरवाही पर आगे भी होगी कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। निगम ने स्पष्ट किया है कि हॉस्टल, लाइब्रेरी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी के निर्धारित इंतजाम करना अनिवार्य है। जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं या आवाजाही करते हैं, वहां सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को शहर में लगातार निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

शेयर करें:

संबंधित खबरें