12 नवंबर से फिर जुड़वा सकेंगे वोटर लिस्ट में नाम, SIR में कटे नामों को मिलेगा मौका
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, युवाओं के लिए भी खुलेगा आवेदन का रास्ता

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से नाम हटने या किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। मध्यप्रदेश में 12 नवंबर से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया फिर शुरू होने जा रही है। इसके तहत पात्र मतदाता अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं को भी इस प्रक्रिया में अवसर मिलेगा।
भारत निर्वाचन आयोग ने मध्यप्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है। इसके अनुसार 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित दावे-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
युवाओं को भी मिलेगा मौका
इस पुनरीक्षण में वे युवा भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे, जो वर्ष 2027 में 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें मतदाता बनने का अवसर मिलेगा।
SIR में लाखों नाम हुए थे कम
इंदौर में 28 सितंबर से 10 अक्टूबर तक SIR के दौरान मतदाता सूची से हटे नामों को लेकर खोज अभियान चलाया गया था। इस दौरान 33 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 42 प्रतिशत यानी 14 हजार से अधिक आवेदन पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के थे।
SIR शुरू होने से पहले जिले में 28.67 लाख से अधिक मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण के दौरान 4.47 लाख मतदाताओं के गणना प्रपत्र नहीं मिलने के कारण उनके नाम सूची से हटाए गए थे। इसके बाद प्रकाशित प्रारंभिक सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर करीब 24.20 लाख रह गई थी। अब नई प्रक्रिया के जरिए ऐसे मतदाताओं को अपना नाम फिर से सूची में शामिल कराने का अवसर मिलेगा।



