सिंहस्थ-2028 के लिए रेलवे की तैयारी तेज, उज्जैन सहित छह स्टेशनों का होगा कायाकल्प
2027 तक निर्माण कार्य पूरे करने का लक्ष्य

सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने उज्जैन और आसपास के स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की तैयारी तेज कर दी है। रतलाम रेल मंडल की ओर से कई स्टेशनों पर स्थायी बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है। इसके तहत प्लेटफॉर्म, होल्डिंग एरिया और आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। रेलवे का लक्ष्य है कि सिंहस्थ शुरू होने से पहले सभी प्रमुख निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएं।
छह स्टेशनों पर विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
रतलाम रेल मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, उज्जैन के साथ पिंगलेश्वर, पवासा, नई खेड़ी, मोहनपुरा, चिंतामण गणेश और विक्रम नगर स्टेशनों पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन स्थानों पर अस्थायी इंतजाम के बजाय स्थायी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए आधुनिक प्लेटफॉर्म, प्लेटफॉर्म कवरिंग और होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं।
मुख्य स्टेशन पर तीन नए फुट ओवरब्रिज बनेंगे
उज्जैन रेलवे स्टेशन पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर आठ के बाहर करीब 20 हजार यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया विकसित किया गया है। इसके अलावा स्टेशन पर तीन नए फुट ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इनमें एक 12 मीटर चौड़ा और दो छह-छह मीटर चौड़े ब्रिज शामिल हैं। 12 मीटर वाले ब्रिज पर यात्रियों के बैठने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
रेलवे ने सभी निर्माण कार्यों के लिए वर्ष 2027 की समयसीमा निर्धारित की है। होल्डिंग एरिया में टिकट खिड़कियों, पेयजल, पंखों और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। इससे सिंहस्थ के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और स्टेशन परिसर में आवागमन सुचारु रखने में मदद मिलेगी। ट्रेनों के अतिरिक्त परिचालन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अंतिम योजना आयोजन के समय के नजदीक तैयार की जाएगी।



