जनशक्ति उजाला
समाचार

सिंहस्थ-2028 के लिए मेला क्षेत्र की तैयारियों को मिलेगी नई दिशा, संभागायुक्त ने तय की प्लानिंग की रूपरेखा

जीआईएस और गूगल मैप पर दर्ज होंगी सभी जरूरी सुविधाओं की लोकेशन

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: उज्जैन, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर बैठक में संभागायुक्त आशीष सिंह के साथ कलेक्टर रोशन कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारी ।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर बैठक में संभागायुक्त आशीष सिंह के साथ कलेक्टर रोशन कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारी ।
शेयर करें:

सिंहस्थ-2028 को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए मेला क्षेत्र की तैयारियों को गति दी जा रही है। इसके तहत भूखंडों के आवंटन, सड़कों, पार्किंग, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने शुक्रवार को आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र की सभी प्रमुख व्यवस्थाओं और निर्माण स्थलों की लोकेशन जीआईएस एवं गूगल मैप पर अंतिम रूप से दर्ज की जाए, ताकि आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।

झोन और सेक्टर के हिसाब से बनेगी ठहरने की व्यवस्था

संभागायुक्त ने प्रत्येक झोन और सेक्टर में तैनात पुलिस बल तथा कर्मचारियों की संख्या का आकलन कर उनके ठहरने के लिए टेंटेज डॉरमेट्री की योजना बनाने को कहा। श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए भी डॉरमेट्री की व्यवस्था प्रस्तावित करने के निर्देश दिए गए। इससे मेला क्षेत्र में तैनात अमले और आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित की जा सकेंगी।

अस्पताल, सेक्टर कार्यालय और थानों के लिए जगह तय

बैठक में खाक चौक सेक्टर की प्लाटिंग और मेला क्षेत्र की प्रस्तावित व्यवस्था का प्रस्तुतिकरण किया गया। इसमें भूखंडों के आकार, सड़कों और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए निर्धारित स्थानों की समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक सेक्टर में 20 सीटर अस्पताल के लिए जगह आरक्षित की गई है। वहीं सेक्टर कार्यालय के लिए करीब 1,000 वर्गफीट क्षेत्र निर्धारित किया गया है। पुलिस विभाग ने थानों की लोकेशन भी तय कर दी है।

पार्किंग और पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर

संभागायुक्त ने मेला क्षेत्र में वाटर हट और पार्किंग के स्थान निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही पहले से बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन को प्रस्तावित भूखंडों की प्लानिंग के अनुरूप व्यवस्थित करने को कहा। खाक चौक सेक्टर की तैयार योजना को आधार बनाकर दूसरे सेक्टरों की भी इसी तरह मैपिंग करने के निर्देश दिए गए।

अग्नि सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं की भी होगी तैयारी

बैठक में पार्किंग, सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज और शौचालयों की व्यवस्था पर चर्चा की गई। सिंहस्थ-2028 के लिए फायर रिस्पांस प्लान को लेकर भी आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ। संभागायुक्त ने टेलीकॉम सेवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत योजना तैयार करने के लिए आगामी दिनों में अलग-अलग बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, अपर आयुक्त संतोष टैगोर, उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी, अपर मेला अधिकारी ओमप्रकाश सनोडिया, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें