सिंहस्थ 2028 के काम में देरी पर संभागायुक्त आशीष सिंह सख्त, तय समयसीमा चूकी तो उपयंत्री होंगे निलंबित
सदावल हेलीपैड दिसंबर के अंत तक तैयार करने के निर्देश, निर्माण कार्यों की होगी प्रगति जांच

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में निर्माण कार्यों की देरी पर अब सख्ती बरती जाएगी। संभागायुक्त एवं मेला अधिकारी आशीष सिंह ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित उपयंत्री के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को अलग-अलग टीमें तैनात कर काम में तेजी लाने और तय समय पर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। शनिवार, 24 अक्टूबर को हुई समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) और सेतु निगम के निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
सदावल हेलीपैड के काम दिसंबर तक पूरे करने होंगे
सदावल हेलीपैड पर लैंडस्केपिंग, फ्लोरिंग और फर्निशिंग के काम में देरी पर संभागायुक्त ने असंतोष जताया। उन्होंने निर्देश दिए कि ये सभी काम दिसंबर 2026 के अंत तक हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने साफ किया कि निर्माण कार्यों की समयसीमा बार-बार नहीं बढ़ाई जाएगी। काम तय अवधि में पूरा कराने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई जाएं।
पुलों और अंडरपास के कामों की समयसीमा तय
बैठक में शिप्रा नदी पर बन रहे पुलों और रेलवे ओवरब्रिज की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सेतु निगम के 20 निर्माण कार्य चल रहे हैं। मक्सी रोड पर आईटीआई के पास बन रहा रेलवे ओवरब्रिज सबसे पहले पूरा होने की दिशा में है, जबकि फ्रीगंज रेलवे ओवरब्रिज को मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
संभागायुक्त ने शिप्रा नदी पर लगभग तैयार छोटे पुल को कार्तिक मेले से पहले पैदल आवागमन के लिए खोलने के निर्देश दिए। दताना से नागझरी चौराहे तक फोरलेन का काम नवंबर 2026 में पूरा करने की समयसीमा बताई गई। वहीं, हरिफाटक ब्रिज के पास से महाकाल लोक तक बन रहा अंडरपास 31 मार्च 2027 तक पूरा किया जाना है।
इंजीनियरिंग कॉलेज की टीम करेगी प्रगति का आकलन
निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज की टीम तैनात की जाएगी। सभी निर्माण एजेंसियों को भौतिक और वित्तीय प्रगति के अद्यतन आंकड़े सॉफ्टवेयर में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए। संभागायुक्त ने समयसीमा के पालन और काम में तेजी लाने पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, स्मार्ट सिटी की सीईओ नेहा जैन, नगर निगम के अपर आयुक्त संतोष टैगोर, अपर मेला अधिकारी ओमप्रकाश सनोड़िया, उप मेला अधिकारी संदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



