टीआई दिलीप पुरी केस के मामले में राहुल जायसवाल गिरफ्तार, अवैध शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी कबूली
गुजरात तक फैले तस्करी नेटवर्क का खुलासा, पुलिस के सामने कई नाम बताए

देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की वाहन से कुचलकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी राहुल जायसवाल भी शामिल है। पुलिस की ओर से जारी वीडियो में राहुल ने अवैध शराब के कारोबार में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की बात स्वीकार की है। उसने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम और कारोबार के संचालन से संबंधित जानकारियां भी दी हैं।
कांग्रेस में रह चुका है पदाधिकारी
राहुल जायसवाल हरदा जिले के टिमरनी का निवासी है। वह खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का प्रभारी बताया गया है। वर्ष 2018 से 2024 तक वह हरदा जिला युवक कांग्रेस का अध्यक्ष भी रह चुका है। पुलिस के अनुसार, राहुल ने पूछताछ में शराब तस्करी के कारोबार में अपनी हिस्सेदारी की जानकारी दी है।
चार लोगों के बीच बंटा था कारोबार
जांच में सामने आया कि टिमरनी से गुजरात भेजी जा रही शराब का ठेका पातेंद्र जायसवाल के नाम पर है। राहुल के बयान के अनुसार, कारोबार में राहुल, मनीष और मोहीन जायसवाल की 30-30 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि पातेंद्र की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत बताई गई है। मनीष इंदौर, मोहीन गुजरात और पातेंद्र बड़वानी में रहता है। राहुल हरदा से गुजरात तक तस्करी नेटवर्क का संचालन करता था।
विजय राव की भूमिका भी सामने आई
पुलिस ने इंदौर निवासी विजय राव को भी हिरासत में लिया है। उसने राहुल के लिए काम करने की बात स्वीकार की है। अवैध कारोबार की रकम राहुल के पास जमा होती थी और वहीं से हिस्सेदारों को उनका हिस्सा दिया जाता था। नेटवर्क से जुड़ी जानकारी के आधार पर पांच जिलों की पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। फरार आरोपियों पर देवास पुलिस अधीक्षक ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
नाकेबंदी के दौरान हुई थी घटना
1 नवंबर की देर रात सूचना मिली थी कि आयशर वाहन क्रमांक MP43 H 4786 में टिमरनी से गुजरात अवैध शराब ले जाई जा रही है। नर्मदा ढाबे के सामने संदलपुर फाटे पर वाहन मिलने के बाद टीआई दिलीप पुरी ने चालक को नीचे उतरने और तलाशी देने के लिए कहा। आरोप है कि चालक ने उन पर वाहन चढ़ा दिया। उपचार के दौरान दिलीप पुरी की मौत हो गई। बाद में पुलिस ने अवैध शराब से भरा वाहन जब्त कर लिया।



