टीआई दिलीप पुरी की हत्या पर एक्शन में सीएम मोहन यादव, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता और पत्नी को सब इंस्पेक्टर पद पर अनुकंपा नियुक्ति का ऐलान, जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक रवाना

देवास जिले के खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी के निधन के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता दिखाते हुए विस्तृत जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुई इस घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत अधिकारी के परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा पत्नी को सब इंस्पेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने की घोषणा की है।
जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर
मुख्यमंत्री ने घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाए और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
परिवार को आर्थिक सहायता और नौकरी
डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में दिवंगत थाना प्रभारी के परिवार के साथ खड़ी है। परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही उनकी पत्नी को सब इंस्पेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाएगी, ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री ने दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



