जनशक्ति उजाला
समाचार

सीएम मोहन यादव ने विंध्य-बुंदेलखंड को दी रेल कनेक्टिविटी की सौगात, सीधी पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ा

सतना-देवेन्द्र नगर और रीवा-चुरहट रेल लाइन शुरू, प्रदेश में 1.50 लाख करोड़ के रेलवे प्रोजेक्ट पर काम

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: सतना, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
रेल लाइन के वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
रेल लाइन के वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश के विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में शनिवार, 24 अक्टूबर को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से सतना-देवेन्द्र नगर तथा रीवा-चुरहट रेल लाइन का उद्घाटन किया। इसके साथ देवेन्द्र नगर-चुरहट ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर शुरू किया गया। इस रेल संपर्क से सीधी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन के नए विकल्प मिलेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले के सरदारपुर से कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए, जबकि नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशनों पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल नेटवर्क का विस्तार विंध्य और बुंदेलखंड के विकास को नई गति देगा। उन्होंने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।

किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को होगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियों और लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा मिलने के साथ विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों के लिए आवागमन आसान होगा। उन्होंने बताया कि लगभग 541 किलोमीटर की परियोजना से पन्ना, रीवा, सीधी, सिंगरौली और सतना सहित विंध्य-बुंदेलखंड के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच संपर्क भी बेहतर होगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और खंडवा के बीच नई रेल लाइन का लोकार्पण जल्द किया जाएगा।

रेल नेटवर्क के विस्तार पर 1.50 लाख करोड़ रुपये खर्च

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई रेल कनेक्टिविटी विंध्य और बुंदेलखंड के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने और चिकित्सा सहित जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में करीब 1.50 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। विभिन्न स्टेशनों के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ आने वाले समय में प्रदेश में लंबी और छोटी दूरी की 100 से अधिक रेल सेवाएं शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। कई मेमू ट्रेनें शुरू करने की भी योजना है।

रेलवे स्टेशनों का भी हो रहा विकास

रेल मंत्री ने खजुराहो और ग्वालियर सहित प्रदेश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर जारी विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रेल सुविधाओं का विस्तार क्षेत्रीय संपर्क मजबूत करने के साथ यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने में मदद करेगा।

नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, जनार्दन मिश्रा, विष्णु दत्त शर्मा और डॉ. राजेश मिश्रा सहित रेलवे के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

टीआई दिलीप पुरी केस के मामले में राहुल जायसवाल गिरफ्तार, अवैध शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी कबूली

टीआई दिलीप पुरी केस के मामले में राहुल जायसवाल गिरफ्तार, अवैध शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी कबूली

गुजरात तक फैले तस्करी नेटवर्क का खुलासा, पुलिस के सामने कई नाम बताए

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालादेवास, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
किसानों को सीएम की सौगात, धान पंजीयन की तारीख 4 नवंबर तक बढ़ाई; सिवनी में बनेगा फूड पार्क

किसानों को सीएम की सौगात, धान पंजीयन की तारीख 4 नवंबर तक बढ़ाई; सिवनी में बनेगा फूड पार्क

डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली किया संबोधित

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालासिवनी/भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें