जनशक्ति उजाला
समाचार

70 रुपये टोल शुल्क को लेकर विवाद, पिकअप से कुचलकर मैनेजर की मौत

घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर की कार्रवाई की मांग

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: शाजापुर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
टोल शुल्क विवाद के बाद कर्मचारी की मौत के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया, पुलिस बल तैनात।
टोल शुल्क विवाद के बाद कर्मचारी की मौत के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया, पुलिस बल तैनात।
शेयर करें:

शाजापुर जिले के अकोदिया-शुजालपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर महज 70 रुपये के शुल्क को लेकर हुआ विवाद एक युवक की जान ले गया। टोल राशि मांगने से नाराज पिकअप चालक ने वाहन को पीछे लेकर टोल मैनेजर प्रदीप मीणा को कुचल दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।

टोल शुल्क मांगने पर बिगड़ी बात

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6 बजे एक खाली लोडिंग पिकअप टोल प्लाजा पर पहुंची थी। यहां व्यावसायिक वाहनों से 70 रुपये शुल्क लिया जाता है। टोल कर्मचारियों द्वारा राशि मांगे जाने पर चालक का विवाद हो गया। इसी दौरान उसने पिकअप को रिवर्स में लिया और टोल मैनेजर प्रदीप मीणा को अपनी चपेट में ले लिया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण प्रदीप की जान नहीं बच सकी।

26 साल की उम्र में परिवार का सहारा छिना

प्रदीप मीणा की उम्र महज 26 वर्ष बताई गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, उनकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी और परिवार की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर थी। घटना से परिवार और क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने संबंधित कंपनी से मृतक के परिजनों को पर्याप्त आर्थिक सहायता देने की मांग की।

कार्रवाई की मांग पर अड़े ग्रामीण

घटना के विरोध में ग्रामीणों और परिजनों ने अकोदिया-शुजालपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि पिकअप चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, घटना में इस्तेमाल वाहन जब्त हो और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। चक्काजाम के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

चक्काजाम की सूचना मिलने पर एसडीओपी निमेश देशमुख और तहसीलदार घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण आरोपी की गिरफ्तारी, वाहन जब्ती और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें