जनशक्ति उजाला
समाचार

शहडोल में एक सदी बाद लौटी हाथियों की मौजूदगी, बांधवगढ़ में बढ़ा कुनबा

छत्तीसगढ़ से आए झुंड ने बनाया नया ठिकाना

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: शहडोल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
बांधवगढ़ और शहडोल के जंगलों में बढ़ी जंगली हाथियों की मौजूदगी ।
बांधवगढ़ और शहडोल के जंगलों में बढ़ी जंगली हाथियों की मौजूदगी ।
शेयर करें:

मध्य प्रदेश के शहडोल अंचल में करीब 100 साल बाद हाथियों की वापसी वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और आसपास के उमरिया-शहडोल क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी लगातार बढ़ी है। वर्तमान में इस इलाके में इनकी संख्या 50 से 70 के बीच बताई जा रही है, जबकि पूरे प्रदेश में जंगली हाथियों की कुल संख्या 97 दर्ज की गई है।

2018 में शुरू हुआ हाथियों का आगमन

छत्तीसगढ़ से आया हाथियों का पहला बड़ा झुंड वर्ष 2018 में शहडोल कॉरिडोर के रास्ते बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचा था। इसके बाद हाथियों का यहां आना जारी रहा और धीरे-धीरे इस क्षेत्र में उनकी स्थायी मौजूदगी बनने लगी। करीब एक सदी बाद हाथियों की वापसी को क्षेत्र के पारिस्थितिक बदलाव के महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

शहडोल में 62 तक पहुंची संख्या

उत्तर शहडोल वन मंडल की डीएफओ तरुणा वर्मा के अनुसार, बांधवगढ़ की ओर से नए झुंड के आने के बाद वन मंडल में हाथियों की संख्या 62 तक पहुंच गई है। खितौली, पतौर, पनपथा कोर, ताला और कल्लवाह क्षेत्र हाथियों के प्रमुख विचरण स्थल बने हुए हैं। वन विभाग इनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।

मौतों के बाद गठित हुई टास्क फोर्स

अक्टूबर 2024 में बांधवगढ़ के खितौली-पतौर रेंज में 10 हाथियों की मौत के बाद राज्य सरकार ने एलीफेंट टास्क फोर्स का गठन किया था। इसका उद्देश्य हाथियों की निगरानी, ट्रैकिंग और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय के मुताबिक, हाथियों की आवाजाही लगातार बदलती रहती है। इस कारण उनके समूहों और विचरण क्षेत्रों की संख्या में भी बदलाव होता रहता है।

मानव-हाथी संघर्ष रोकने पर जोर

हाथियों की बढ़ती मौजूदगी के साथ आसपास के गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका भी बनी हुई है। वन विभाग निगरानी के जरिए ऐसी घटनाओं को रोकने के प्रयास कर रहा है। वहीं, क्षेत्र में हाथियों की वापसी वन्यजीव विविधता और प्राकृतिक पारिस्थितिकी के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें