सिवनी पुलिस वसूली मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा एक्शन
एएसपी समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में पुलिसकर्मियों पर अवैध वसूली और निर्दोष लोगों को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोपों ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, थाना प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। होटल संचालक की शिकायत और छिपे कैमरे की रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं।
होटल संचालक ने लगाए हर महीने रकम मांगने के आरोप
होटल संचालक संजय सनोडिया का आरोप है कि पुलिस अधिकारी उनसे नियमित रूप से पैसों की मांग करते थे। रकम नहीं देने पर होटल में तलाशी लेने के साथ कर्मचारियों और वहां ठहरने वाले ग्राहकों को परेशान किया जाता था। संचालक के मुताबिक, पुलिसकर्मी पहले भी होटल का सीसीटीवी डीवीआर अपने कब्जे में ले लेते थे। इसी आशंका के चलते उन्होंने होटल में छिपा कैमरा लगवाया था, ताकि गतिविधियों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जा सके।
13 नवंबर की कार्रवाई में रिकॉर्ड हुई कथित बातचीत
संचालक के अनुसार, 13 नवंबर को होटल पहुंची पुलिस टीम अपने साथ एक डीवीआर ले गई, लेकिन होटल में लगाए गए छिपे कैमरे में कथित बातचीत रिकॉर्ड हो गई। इसी रिकॉर्डिंग के सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। आरोप है कि होटल में ठहरे एक प्रेमी जोड़े को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई थी। रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे।
एएसपी ने वीडियो को बताया था एआई से तैयार
वीडियो सामने आने के बाद एएसपी दीपक मिश्रा ने इसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार किया गया बताया था। हालांकि, मामले की जांच के आदेश मिलने की जानकारी दिए जाने पर उन्होंने फोन काट दिया। इस बीच पुलिस विभाग ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
आईजी ने की प्रारंभिक जांच की पुष्टि
आईजी प्रमोद वर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुलिसकर्मियों द्वारा पैसों के लिए दबाव बनाए जाने की बात सामने आई है। मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



