सिवनी के छपारा में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
तीन मंजिला मकान में सुबह लगी आग ने मचाई तबाही, चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया; मुख्यमंत्री ने घोषित की चार-चार लाख रुपये की सहायता

मध्यप्रदेश में दीपावली के दौरान आग लगने की घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। कटनी के बरही के बाद अब सिवनी जिले के छपारा में भी भीषण अग्निकांड सामने आया है। यहां एक सराफा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में लगी आग ने एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान ले ली। हादसे के समय घर में करीब 10 लोग मौजूद थे, जिनमें से चार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
सुबह तड़के मकान में भड़की आग
घटना सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे छपारा के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले की है। यहां सराफा कारोबारी कुंदन सोनी के तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने मकान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घर में मौजूद लोगों को बाहर निकालने की कोशिशें शुरू हुईं, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण छह लोग अंदर ही फंस गए।
चार महिलाओं और दो पुरुषों की गई जान
इस हादसे में कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) की मौत हो गई। मृतकों में दो बुजुर्ग भी शामिल हैं। वहीं, अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दमकल और बचाव दल ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आसपास के लोगों ने भी बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक लपटें पूरे मकान में फैल चुकी थीं। बाद में दमकल और रेस्क्यू दल ने आग पर नियंत्रण पाया। एसडीओपी अपूर्व भलावी के अनुसार, मकान में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
मुख्यमंत्री ने सहायता राशि की घोषणा की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी और कटनी में हुए अग्निकांडों पर दुख व्यक्त करते हुए दोनों घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। हादसे की जानकारी मिलने पर केवलारी से कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और व्यापारी भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।



