सांवेर के गांवों की राह होगी आसान, मंत्री तुलसीराम सिलावट ने किया बड़ी सड़क परियोजना का भूमिपूजन
हजारों ग्रामीणों और किसानों को मिलेगी आवागमन में सुविधा

सांवेर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में नई पहल हुई है। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को ग्राम कांकरिया बोर्डिया में आयोजित कार्यक्रम में 13.16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नौ किलोमीटर लंबी सड़क का भूमिपूजन किया। यह सड़क कांकरिया बोर्डिया से जम्बुडी सरवर, जिन्दाखेड़ा और पाल कांकरिया तक बनाई जाएगी। इसके साथ ही मंत्री ने करीब दो करोड़ रुपये की लागत से कांकरिया बोर्डिया से गोशाला तक बने 1.2 किलोमीटर लंबे पहुंच मार्ग का लोकार्पण भी किया।
दर्जनों गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
नई सड़क से जम्बुडी सरवर, जिन्दाखेड़ा, पाल कांकरिया सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों के लिए शहर तक पहुंचना आसान होगा, वहीं किसान अपनी कृषि उपज मंडियों तक सुगमता से पहुंचा सकेंगे। मंत्री सिलावट ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और आसपास के गांवों के विकास को गति मिलेगी।
सिंहस्थ की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण परियोजना
मंत्री ने कहा कि आगामी सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों में भी इस सड़क की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसके निर्माण से श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने इस विकास कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
सांवेर को आदर्श विधानसभा बनाने का लक्ष्य
सिलावट ने कहा कि सांवेर विधानसभा को आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में दो सांदीपनि विद्यालय शुरू होने से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सर्वांगीण विकास के अवसर मिलेंगे। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 56 हजार से अधिक महिलाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण के तहत हजारों किसानों को चार गुना से अधिक मुआवजा मिला है। साथ ही क्षेत्र के अधिकांश गांवों में नर्मदा जल की आपूर्ति हो रही है।
छह हितग्राहियों को वितरित की रजिस्ट्री
कार्यक्रम के दौरान स्वामित्व योजना के तहत छह हितग्राहियों को रजिस्ट्री वितरित की गई। इनमें लाखन सिंह, मलखान सिंह और सतीश सहित अन्य हितग्राही शामिल रहे। कार्यक्रम कांकरिया बोर्डिया स्थित राजपूत धर्मशाला में आयोजित हुआ। इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, श्रवण सिंह चावड़ा सहित कांकरिया बोर्डिया, कछालिया, पाल कांकरिया, खजूरिया, बसान्दा, बालरिया, बालोदा टाकुन, बुढानियापंथ और जिन्दाखेड़ा पंचायतों के सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



