रॉबर्ट नर्सिंग होम का होगा विस्तार, 16 बिस्तरों का नया वार्ड शुरू
संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने किया शुभारंभ

इंदौर के रॉबर्ट नर्सिंग होम में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में काम शुरू किया गया है। अस्पताल परिसर में 16 बिस्तरों वाला नया वार्ड शुरू किया गया है। संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने गुरुवार को अस्पताल की प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक के दौरान इस वार्ड का शुभारंभ किया। इसके साथ ही अस्पताल के नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा कर भविष्य में विस्तार की योजना तैयार करने पर जोर दिया।
भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनेगी योजना
अस्पताल परिसर में आयोजित बैठक में संभागायुक्त लाक्षाकार ने कहा कि रॉबर्ट नर्सिंग होम अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जाना जाता है। यहां उपचार के लिए आने वाले मरीजों को सभी सुविधाएं व्यवस्थित रूप से मिलनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल के प्रस्तावित विस्तार को अगले 20 से 25 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार करने के निर्देश दिए। इसके लिए प्रबंध समिति को सभी पहलुओं का बारीकी से अध्ययन कर एक विस्तृत रूपरेखा बनाने को कहा।
विभागों की व्यवस्था पर विशेष जोर
संभागायुक्त ने प्रस्तावित योजना में विभागों को व्यवस्थित तरीके से रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में स्थान परिवर्तन से पहले और बाद की व्यवस्थाओं का आकलन किया जाए। साथ ही प्रत्येक मंजिल पर विभागों का नियोजित निर्धारण हो, ताकि निर्माण और स्थानांतरण के दौरान मरीजों को उपचार संबंधी असुविधा का सामना न करना पड़े।
विजन प्लान से होगा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
बैठक में बताया गया कि अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने के लिए विजन प्लान तैयार किया जाएगा। इस दौरान मेडिकल सुविधाओं के साथ अस्पताल के आय-व्यय और अन्य प्रबंधन संबंधी विषयों पर भी चर्चा हुई। संभागायुक्त ने 22 अगस्त को हुई पिछली बैठक में लिए गए प्रस्तावों पर दोबारा विचार करने के निर्देश भी दिए।
अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण
बैठक के बाद संभागायुक्त ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और विभागों का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, प्रतीक्षालय, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, फिजियोथेरेपी, डीलक्स रूम तथा महिला एवं पुरुष सामान्य वार्ड की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. पूनम गडरिया, उप संचालक डॉ. एस.एस. लाल, एमवाय अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक यादव, रॉबर्ट नर्सिंग होम के सचिव डॉ. वाय.एन. यशलाह, संयुक्त सचिव डॉ. मुकेश खापरा, किशोर रघुवंशी, विनय झेलावत, डॉ. आर.के. माथुर, प्रदीप श्रीवास्तव, तहसीलदार ओमप्रकाश चोरमा सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।



