जनशक्ति उजाला
समाचार

राइड कैंसिल करने पर भड़का ड्राइवर, युवती को भेजीं अश्लील तस्वीरें

धर्म विशेष पर की आपत्तिजनक टिप्पणी

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
राइड कैंसिल करने पर युवती से अभद्रता का आरोपी गिरफ्तार।
राइड कैंसिल करने पर युवती से अभद्रता का आरोपी गिरफ्तार।
शेयर करें:

भोपाल में रैपिडो की राइड रद्द करना 22 वर्षीय युवती के लिए परेशानी का कारण बन गया। आरोप है कि इससे नाराज चालक ने युवती को फोन पर गालियां दीं और वाट्सऐप पर अपने गुप्तांग की अश्लील तस्वीरें भेजीं। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के धर्म विशेष को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। उसने कथित तौर पर कहा कि हिंदू लड़कियां ऐसी ही होती हैं। मामले में शिकायत के सात दिन बाद बागसेवनिया पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

अधिक किराया मांगने के बाद हुआ विवाद

पीड़िता बागसेवनिया थाना क्षेत्र में रहती है और एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। 20 नवंबर को उसने घर जाने के लिए रैपिडो से ऑटो बुक किया था। बुकिंग के बाद चालक ने फोन कर निर्धारित किराए से अधिक रकम मांगी। युवती ने अतिरिक्त किराया देने की सहमति भी दे दी, लेकिन इसके बावजूद चालक काफी देर तक नहीं पहुंचा। युवती ने फोन कर जल्द आने के लिए कहा तो चालक कथित तौर पर अभद्रता करने लगा। उसके व्यवहार से परेशान होकर युवती ने राइड कैंसिल कर दी।

राइड रद्द होते ही शुरू किया परेशान करना

युवती का आरोप है कि राइड कैंसिल होने के बाद चालक लगातार फोन कर उसे परेशान करने लगा। उसने वाट्सऐप पर अश्लील तस्वीरें भेजीं और धर्म विशेष को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की। आरोपी की इस हरकत से युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने पुलिस से शिकायत की।

सीएम हेल्पलाइन तक पहुंचा मामला

पीड़िता के मुताबिक, उसने बागसेवनिया थाने में शिकायत आवेदन दिया था, लेकिन सात दिनों तक कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और बजरंग दल कार्यकर्ताओं को भी मामले की जानकारी दी। कार्यकर्ताओं के थाने पहुंचने के बाद शुक्रवार शाम पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।

शेयर करें:

संबंधित खबरें