मप्र के उपमुख्यमंत्री की एक टिप्पणी ने खींचा सबका ध्यान, सोशल मीडिया पर क्यों हो रही चर्चा?
राजेंद्र शुक्ल की मजाकिया टिप्पणी बनी चर्चा का विषय

मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की एक टिप्पणी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। रीवा और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के लोगों की पसंद की तुलना करते हुए उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में ऐसी बात कही, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने गाड़ियों और बंदूकों के शौक का जिक्र करते हुए दोनों क्षेत्रों की जीवनशैली पर चुटकी ली।
गाड़ी और बंदूक के शौक पर चुटकी
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा में लोगों के पास पैसा आते ही सबसे पहले गाड़ी खरीदने का विचार आता है, जबकि ग्वालियर-चंबल संभाग में लोग बंदूक खरीदना पसंद करते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां लोग घर रहने लायक हो या नहीं, लेकिन बंदूक जरूर टांग लेते हैं और फिर खुद को बड़ा आदमी समझने लगते हैं।
रीवा में बढ़ते वाहनों पर भी रखी बात
उपमुख्यमंत्री ने रीवा में तेजी से बढ़ रही गाड़ियों की संख्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। इसके लिए सड़क सुविधाओं का विस्तार महत्वपूर्ण है।
चोरहटा से रतहरा तक आठ लेन बाईपास
राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि चोरहटा से रतहरा तक बने बाईपास को अब आठ लेन किया जा रहा है। इससे बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। उनकी क्षेत्रीय पसंद को लेकर की गई टिप्पणी के साथ बाईपास का यह जिक्र भी चर्चा में है।



