राजस्थान में पंचायत चुनाव ने बदली सियासी तस्वीर, BJP के दिग्गजों के गढ़ ढहे
मुख्यमंत्री भजनलाल से लेकर कई मंत्रियों तक को झटका

राजस्थान के पंचायती राज चुनावों के नतीजों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए भाजपा को कई क्षेत्रों में पीछे छोड़ दिया। सबसे ज्यादा चर्चा उन इलाकों की है, जिन्हें भाजपा के बड़े नेताओं और मंत्रियों का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर से लेकर केंद्रीय मंत्रियों के संसदीय क्षेत्रों तक चुनावी नतीजों ने राजनीतिक हलकों का ध्यान खींचा है।
भाजपा के प्रभाव वाले क्षेत्रों में कांग्रेस की सेंध
मेवाड़ और मारवाड़ सहित जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा में कांग्रेस ने जिला प्रमुख के चुनाव के लिहाज से मजबूत स्थिति बनाई। चित्तौड़गढ़, सिरोही, राजसमंद और जालौर जैसे क्षेत्रों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन चर्चा में रहा। अजमेर में भाजपा को बढ़त मिली, जबकि उदयपुर में पार्टी ने मुकाबले में अपनी स्थिति बचाई।
सीएम और केंद्रीय मंत्रियों के क्षेत्रों में झटका
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर की पंचायत समिति में आरएलपी ने जीत दर्ज की, जबकि उनके गृह जिले भरतपुर में जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस आगे रही। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के जोधपुर, अर्जुन राम मेघवाल के बीकानेर और भूपेंद्र यादव के अलवर में भी कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया। शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटे चुनाव हार गए। मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के झोटवाड़ा क्षेत्र की पंचायत समिति में भाजपा एक सीट पर सिमट गई। गजेंद्र सिंह खींवसर के क्षेत्र लोहावट में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली।
आरएलपी और बीएपी ने भी बढ़ाया प्रभाव
हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और राजकुमार रोत की भारत आदिवासी पार्टी ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी मजबूत की। सांगानेर में आरएलपी की जीत और लोहावट में दो सीटों पर सफलता ने छोटे दलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बना दिया। निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी कई क्षेत्रों में जीत हासिल की।
कांग्रेस नेताओं के क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के गृह क्षेत्र सीकर और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के प्रभाव वाले टोंक में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार एससी, जाट, गुर्जर, मीणा और राजपूत मतदाताओं के बीच कांग्रेस की पहुंच तथा यूजीसी के मुद्दे पर हुई गतिविधियों ने चुनावी समीकरणों को प्रभावित किया।



