मुंबई में 26/11 की बरसी पर धमकी भरा ईमेल
सितारे और सरकारी भवन निशाने पर

मुंबई में 26/11 आतंकी हमले की बरसी पर एक बार फिर धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही गायक दिलजीत दोसांझ के 27 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट और शहर के कई महत्वपूर्ण सरकारी एवं सार्वजनिक ठिकानों को भी निशाना बनाने की धमकी मिली है।
अमिताभ के बंगले को पांचवीं बार धमकी
ईमेल में अमिताभ बच्चन के आवास 'जलसा' को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। 23 अक्टूबर के बाद यह पांचवीं बार है, जब अभिनेता को इस तरह की धमकी मिली है।
दिलजीत के कार्यक्रम पर हमले की चेतावनी
धमकी भरे ईमेल में 27 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी उल्लेख है। कार्यक्रम आयोजित होने पर अगले 30 दिनों तक ग्रेनेड हमले करने की धमकी दी गई है।
बीएमसी और मेट्रो नेटवर्क भी निशाने पर
ईमेल में बीएमसी मुख्यालय, मेयर कार्यालय और मुंबई मेट्रो नेटवर्क को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। संदेश में खालिस्तान और बब्बर खालसा का जिक्र भी किया गया है।
बेंगलुरु में भी मिली थी धमकी
दो दिन पहले बेंगलुरु में एक कॉन्सर्ट को लेकर आईईडी विस्फोट की धमकी मिली थी। लगातार मिल रहे धमकी भरे संदेशों के बाद मुंबई में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और संवेदनशील ठिकानों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।



