जनशक्ति उजाला
समाचार

57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में युवा फिल्मकारों को मिला बड़ा मंच, ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ का आगाज

गोवा में 100 प्रतिभाओं ने संभाली कमान

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: पणजी, गोवा3 मिनट पढ़ें
गोवा की कला अकादमी में ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ के छठे संस्करण के उद्घाटन समारोह के दौरान सूचना एवं प्रसारण सचिव चंचल कुमार और पप्रतिभागी।
गोवा की कला अकादमी में ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ के छठे संस्करण के उद्घाटन समारोह के दौरान सूचना एवं प्रसारण सचिव चंचल कुमार और पप्रतिभागी।
शेयर करें:

भारतीय फिल्म उद्योग में नई रचनात्मक प्रतिभाओं को अवसर देने की पहल के तहत 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ (सीएमओटी) के छठे संस्करण की शुरुआत हुई। शनिवार को गोवा की कला अकादमी में आयोजित उद्घाटन समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की इस पहल का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) इसका क्रियान्वयन कर रहा है। इस मंच पर देशभर से चुनी गई 100 युवा प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने, सामूहिक रूप से काम करने और फिल्म उद्योग के अनुभवी लोगों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

युवाओं को 48 घंटे में फिल्म बनाने की चुनौती

सूचना एवं प्रसारण सचिव चंचल कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां मौजूद हर युवा पहले ही अपनी प्रतिभा साबित कर चुका है। अगले 48 घंटे उन्हें अपनी रचनात्मक क्षमता को एक फिल्म के रूप में सामने लाने का अवसर देंगे। उन्होंने विशेष रूप से तैयार फिल्म क्लैपबोर्ड पर ताली बजाकर 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती का औपचारिक शुभारंभ किया।

अपनी जड़ों से जुड़कर बनाएं वैश्विक पहचान

चंचल कुमार ने कहा कि व्यक्ति की जड़ें उसकी संस्कृति, भाषा और अनुभवों से बनती हैं, जबकि सपनों को कल्पनाशीलता, जिज्ञासा और कुछ नया करने का साहस आकार देता है। फ्रांसीसी दार्शनिक जोसेफ जुबेर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कल्पनाशीलता सपने देखने की प्रेरणा देती है, कला-कौशल उन्हें दिशा देता है और हमारी जड़ें कहानियों को भावनात्मक गहराई प्रदान करती हैं। उन्होंने युवाओं से अपने परिवेश और मूल पहचान से प्रेरणा लेने के साथ कहानियों को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का आग्रह किया। उनके अनुसार, भारत के किसी छोटे गांव की कहानी भी ईमानदारी से प्रस्तुत किए जाने पर दुनिया भर के लोगों के दिलों तक पहुंच सकती है।

13 विधाओं के 100 प्रतिभागी दिखाएंगे हुनर

वर्ष 2026 के प्रतिभागियों के समूह में फिल्म निर्माण से जुड़ी 13 विधाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले 100 युवा शामिल हैं। इनमें निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, संपादन एवं सबटाइटलिंग, पटकथा लेखन, पार्श्व गायन, संगीत रचना, ध्वनि रिकॉर्डिंग, वेशभूषा डिजाइन, हेयर एवं मेकअप, कला निर्देशन, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स), ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर), वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तथा वॉइस-ओवर एवं डबिंग जैसे कौशल शामिल हैं।

पांच टीमें तैयार करेंगी लघु फिल्में

पुणे स्थित फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) एनएफडीसी के सहयोग से इस चुनौती का आयोजन कर रहा है। इसके तहत पांच टीमें मिलकर 48 घंटे की निर्धारित अवधि में लघु फिल्मों की कल्पना करेंगी और उनका निर्माण करेंगी। तैयार फिल्मों का आईएफएफआई में विशेष प्रदर्शन होगा। फिल्म उद्योग के प्रतिष्ठित पेशेवरों की जूरी इन फिल्मों का मूल्यांकन करेगी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं पूर्व प्रतिभागी

वर्ष 2021 में शुरुआत के बाद से ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ उभरते रचनात्मक पेशेवरों को मीडिया और मनोरंजन उद्योग से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित हुआ है। इस पहल के पूर्व प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण परियोजनाओं में काम किया है। इसके अलावा, उन्होंने कान्स, बर्लिनेल, टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर भी पहचान बनाई है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें