जनशक्ति उजाला
समाचार

भारतमाला परियोजना के लिए एमपी ट्रांसको ने शिफ्ट किए 15 बिजली टावर, मल्टीसर्किट तकनीक से बची अतिरिक्त जमीन

जबलपुर के बरेला क्षेत्र में 220 और 132 केवी की चार ट्रांसमिशन लाइनों का किया गया पुनर्समायोजन

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: जबलपुर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
भारतमाला परियोजना के लिए जबलपुर के बरेला क्षेत्र में मल्टीसर्किट तकनीक से समायोजित की गईं बिजली ट्रांसमिशन लाइनें ।
भारतमाला परियोजना के लिए जबलपुर के बरेला क्षेत्र में मल्टीसर्किट तकनीक से समायोजित की गईं बिजली ट्रांसमिशन लाइनें ।
शेयर करें:

भारतमाला परियोजना के तहत सड़क निर्माण में आ रही तकनीकी बाधा को दूर करने के लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने जबलपुर के बरेला क्षेत्र में 15 ट्रांसमिशन टावरों की शिफ्टिंग का कार्य पूरा कराया है। गौर नदी के पास किए गए इस काम में कंपनी ने मल्टीसर्किट टावर तकनीक अपनाकर 220 केवी और 132 केवी की बिजली लाइनों को एक ही टावर पर समायोजित किया। इससे अलग ट्रांसमिशन कॉरिडोर विकसित करने और अतिरिक्त जमीन की जरूरत से बचा जा सका। यह कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की सड़क निर्माण संबंधी जरूरतों के अनुरूप एमपी ट्रांसको के तकनीकी सुपरविजन में पूरा किया गया।

अलग कॉरिडोर के बजाय अपनाई मल्टीसर्किट तकनीक

इस परियोजना में कुल 15 टावर स्थानांतरित किए गए, जिनमें 220 केवी क्षमता के 9 और 132 केवी क्षमता के 6 टावर शामिल हैं। एमपी ट्रांसको ने अलग-अलग ट्रांसमिशन लाइनों के लिए नए कॉरिडोर बनाने के बजाय विशेष तकनीकी योजना और डिजाइन के आधार पर मल्टीसर्किट टावरों का विकल्प चुना। इस व्यवस्था में अलग-अलग वोल्टेज स्तर की लाइनों को एक ही टावर संरचना पर लगाया गया। सीमित जगह में बिजली लाइनों का समायोजन होने से शेष जमीन का उपयोग दूसरे विकास कार्यों के लिए किया जा सकेगा।

सड़क निर्माण के कारण जरूरी हुई टावरों की शिफ्टिंग

एमपी ट्रांसको के कार्यपालन अभियंता जितेंद्र तिवारी ने बताया कि भारतमाला परियोजना के पैकेज-1 में बरेला-मानेगांव रोड सेक्शन पर सड़क निर्माण किया जा रहा है। सड़क की निर्धारित रोड प्रोफाइल के दायरे में कंपनी की मौजूदा ट्रांसमिशन लाइनें और उनके टावर आ रहे थे। इसके चलते 220 केवी जबलपुर-बिरसिंहपुर, 220 केवी जबलपुर-अमरकंटक, 132 केवी जबलपुर-मनेरी और 132 केवी जबलपुर-बरगी ट्रांसमिशन लाइनों के टावरों को दूसरी जगह स्थानांतरित करना आवश्यक हो गया था।

चार मल्टीसर्किट टावरों से सुलझी जगह की समस्या

तिवारी के अनुसार, टावर शिफ्टिंग के लिए चार मल्टीसर्किट टावरों का उपयोग किया गया। इससे चारों ट्रांसमिशन लाइनों का पुनर्समायोजन संभव हुआ और अलग ट्रांसमिशन कॉरिडोर के लिए अतिरिक्त राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) की आवश्यकता नहीं पड़ी। यह कार्य गौर नदी के पास एकता चौक-बरेला मार्ग के समीप पूरा किया गया। इस तकनीकी व्यवस्था से सड़क निर्माण की जरूरतों के साथ बिजली ट्रांसमिशन ढांचे के लिए जमीन संबंधी चुनौती का समाधान किया गया।

शेयर करें:

संबंधित खबरें