एमपी आरक्षक चालक भर्ती में उम्र और लाइसेंस का पेच, 18 से 20 साल के युवाओं की बढ़ी मुश्किलें
29 अक्टूबर आवेदन की अंतिम तारीख, नियमों में बदलाव से चयन शाखा का इनकार

मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक चालक के एक हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया के बीच पात्रता को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की है, लेकिन आवेदन के समय वैध भारी वाहन ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य होने से कई युवा इस शर्त को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 29 अक्टूबर तय है। ऐसे में 18 से 20 वर्ष की उम्र के अभ्यर्थियों के सामने भर्ती में शामिल होने की चुनौती खड़ी हो गई है।
भारी वाहन लाइसेंस की शर्त बनी परेशानी
भर्ती की नियम पुस्तिका के अनुसार, आरक्षक चालक पद के लिए आवेदन करते समय वैध भारी वाहन ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है। दूसरी ओर, मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 4(2) के तहत परिवहन वाहन चलाने के लाइसेंस के लिए न्यूनतम उम्र 20 वर्ष निर्धारित है। इसके साथ हल्के वाहन का कम से कम एक वर्ष पुराना लाइसेंस होना भी जरूरी बताया गया है।
ऐसे में 18 और 19 वर्ष की उम्र के वे अभ्यर्थी, जो भर्ती की निर्धारित न्यूनतम आयु पूरी करते हैं, भारी वाहन लाइसेंस की शर्त के कारण पात्रता संबंधी मुश्किल का सामना कर रहे हैं। इससे भर्ती में निर्धारित आयु सीमा और लाइसेंस की अनिवार्यता के बीच व्यावहारिक असमंजस पैदा हो गया है।
लाइसेंस बनवाने में लग सकता है डेढ़ महीना
अभ्यर्थियों के मुताबिक, कई युवाओं के पास हल्के वाहन का लाइसेंस है और उन्होंने भारी वाहन लाइसेंस के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में आवेदन भी किया है। लेकिन पूरी प्रक्रिया में एक से डेढ़ महीने तक का समय लग सकता है। ऐसे में 29 अक्टूबर तक लाइसेंस मिलना मुश्किल हो रहा है।
अभ्यर्थियों ने ईएसबी से आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाने या भारी वाहन लाइसेंस दस्तावेज सत्यापन के समय प्रस्तुत करने की अनुमति देने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्ष 2017 के बाद आई इस भर्ती का लंबे समय से इंतजार कर रहे युवाओं को लाइसेंस की शर्त के कारण परेशानी हो रही है।
नियमों में बदलाव से चयन शाखा का इनकार
भर्ती के पात्रता नियमों में बदलाव की मांग के बीच एडीजी चयन शाहिद अबसार ने स्पष्ट किया है कि आरक्षक चालक भर्ती की नियमावली जारी हो चुकी है और अब इसमें बदलाव नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “किसी भी सरकारी नौकरी के लिए न्यूनतम आयु सीमा का मापदंड 18 वर्ष ही तय है। आरक्षक चालक भर्ती की नियमावली जारी कर दी गई है। अब इसमें कोई बदलाव नहीं होगा, जो इस दायरे में नहीं आ रहे हैं वो आवेदन न करें।”
ऐसे में अभ्यर्थियों की नजर अब आवेदन की अंतिम तारीख और भारी वाहन लाइसेंस की अनिवार्यता को लेकर किसी संभावित राहत पर है।



