मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आउटसोर्स कर्मचारियों को दी खुशखबरी
कर्मचारी संगठनों के अभिनंदन समारोह में किया बड़ा ऐलान

मध्यप्रदेश में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने राहत भरी घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से नहीं हटाया जाएगा। उनकी मौजूदा नियुक्ति व्यवस्था भी जारी रहेगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में कर्मचारी संगठनों के अभिनंदन समारोह के दौरान उन्होंने यह भरोसा दिलाया।
कर्मचारी कल्याण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सरकार की ताकत और पहचान उसके कर्मचारियों की स्थिति से होती है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान रहेगी, तभी प्रदेश प्रगति करेगा। राज्य सरकार कर्मचारी हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
एक लाख से अधिक कर्मचारियों को पदोन्नति
डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। इससे विभागों में युवा और ऊर्जावान कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों पर भर्ती का सिलसिला भी आगे जारी रहेगा।
कर्मचारी सुविधाओं में किए बदलाव
मुख्यमंत्री ने बताया कि शासकीय सेवाओं में दो संतान की सीमा संबंधी नीति समाप्त की गई है। सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति में निर्धारित शर्तों के साथ सीपीसीटी की अनिवार्यता से छूट दी गई है। इसके अलावा कर्मचारियों के करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण भी किया गया है।
अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का तेजी से निराकरण
डॉ. यादव ने कहा कि दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति देने से जुड़े मामलों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। सरकार कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को राहत देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
40 कर्मचारी संगठनों ने किया अभिनंदन
समारोह में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने कर्मचारी हित में लिए गए फैसलों के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।



