जनशक्ति उजाला
समाचार

एक्शन मोड में मोहन सरकार, आय से अधिक संपत्ति के मामलों में अफसरों की संपत्ति राजसात करने की तैयारी

लोकायुक्त ने सात मामलों में न्यायालय में पेश किए प्रकरण

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया तेज हो गई है। सात अलग-अलग मामलों में लोकायुक्त पुलिस ने कुल 12 करोड़ 14 लाख 72 हजार 343 रुपये की चल-अचल संपत्ति राजसात कराने के लिए न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए हैं। इन मामलों में आबकारी, पंचायत, लोक निर्माण और पंजीयन विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।

पीडब्ल्यूडी के अधिकारी की संपत्ति सबसे अधिक

लोकायुक्त की ओर से प्रस्तुत विवरण में सबसे अधिक 4.73 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति लोक निर्माण विभाग के तत्कालीन टाइमकीपर गुरुकृपाल सिंह सुजलाना के मामले में सामने आई है। वहीं, तत्कालीन सहायक आबकारी आयुक्त जगदीश राठी की 3.15 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति भी राजसात करने की कार्रवाई के दायरे में है।

पंचायत विभाग के अधिकारी भी कार्रवाई के घेरे में

संपत्ति संबंधी इन मामलों में पंचायत विभाग के तत्कालीन सचिव योगेश दुबे और जनपद पंचायत के लिपिक बाबूलाल पटेल सहित अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम भी शामिल हैं। लोकायुक्त की जांच में आरोपितों की आय से अधिक अर्जित संपत्ति का ब्योरा जुटाया गया है।

रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी संपत्तियों का भी ब्योरा

जांच के दौरान आरोपितों के रिश्तेदारों और परिचितों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों का भी उल्लेख किया गया है। लोकायुक्त पुलिस भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत इन मामलों की जांच कर रही है। न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत होने के बाद अब संबंधित संपत्तियों को राजसात करने की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

शेयर करें:

संबंधित खबरें