एमपी में चार आईएएस अधिकारियों के तबादले, भोपाल-जबलपुर नगर निगम आयुक्त बदले
संस्कृति जैन वित्त विभाग भेजीं गईं, अहिरवार को भोपाल की कमान

मध्य प्रदेश सरकार ने रविवार रात 18 अक्टूबर को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के चार अधिकारियों के तबादले किए। इस प्रशासनिक फेरबदल में भोपाल और जबलपुर नगर निगम के आयुक्तों की जिम्मेदारी बदली गई है। संस्कृति जैन को वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है, जबकि जबलपुर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संस्कृति जैन वित्त विभाग में पदस्थ
संस्कृति जैन भोपाल नगर निगम आयुक्त के साथ मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड, भोपाल के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही थीं। नए आदेश के तहत उन्हें मध्य प्रदेश शासन के वित्त विभाग में उप सचिव पद पर पदस्थ किया गया है। वे इससे पहले सिवनी की कलेक्टर भी रह चुकी हैं।
रामप्रकाश अहिरवार बने भोपाल के नए आयुक्त
वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी रामप्रकाश अहिरवार इससे पहले जबलपुर नगर निगम आयुक्त थे। अब उन्हें भोपाल नगर निगम आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी उन्हें सौंपा गया है।
अग्रिम कुमार को जबलपुर की जिम्मेदारी
वर्ष 2020 बैच के आईएएस अधिकारी अग्रिम कुमार छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें जबलपुर नगर निगम आयुक्त नियुक्त किया गया है।
अंजू अरुण कुमार का भी तबादला
भोपाल स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रहीं अंजू अरुण कुमार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया है। वे भोपाल नगर निगम में अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही थीं।
इस फेरबदल के बाद भोपाल और जबलपुर नगर निगमों में आयुक्त स्तर पर नई जिम्मेदारियां तय हो गई हैं।



