जनशक्ति उजाला
समाचार

दो लाख सरकारी पदों पर भर्ती की तैयारी में मोहन सरकार, विभागों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश

अगले दो वर्षों में बड़े भर्ती अभियान की तैयारी

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश सरकार ने अगले दो वर्षों में विभिन्न सरकारी विभागों में दो लाख पदों पर भर्ती का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। प्रस्तावित योजना में मौजूदा रिक्त पदों के साथ नए पदों को भी शामिल किया जाएगा। सरकार की मंशा है कि भर्ती से जुड़ी चयन प्रक्रिया अक्टूबर 2028 तक पूरी कर ली जाए।

विभागों को तैयार करना होगा भर्ती का खाका

सामान्य प्रशासन विभाग ने विभागाध्यक्षों से कहा है कि वे दो लाख पदों पर भर्ती के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपने विभागों की जरूरत और उपलब्ध रिक्तियों का आकलन करें। इसके आधार पर भर्ती की विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसमें खाली पदों के साथ भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नए पद भी शामिल होंगे।

एमपीपीएससी और ईएसबी से होगी भर्ती

विभिन्न विभागों में प्रस्तावित भर्तियों के लिए मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) और कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) के माध्यम से चयन प्रक्रिया संचालित की जाएगी। विभागों की जरूरत और पदों की प्रकृति के अनुसार भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके लिए अक्टूबर 2028 तक चयन प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

33 लाख से अधिक युवाओं का रोजगार पंजीयन

प्रदेश में 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या पौने दो करोड़ बताई गई है। वहीं, रोजगार कार्यालयों में 33 लाख से अधिक युवाओं ने रोजगार के लिए पंजीयन करा रखा है। बेरोजगारी का मुद्दा प्रदेश की राजनीति में भी लगातार उठता रहा है। कांग्रेस इन आंकड़ों के आधार पर सरकार की रोजगार नीति और निवेश संबंधी दावों पर सवाल उठाती रही है।

स्वरोजगार के साथ सरकारी नौकरियों पर भी जोर

सरकार की प्रस्तावित योजना में युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के साथ सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। दो लाख पदों का लक्ष्य इसी रोजगार अभियान का हिस्सा है। अब विभागों की ओर से तैयार की जाने वाली कार्ययोजनाएं और भर्ती की समयसीमा इस अभियान की दिशा तय करेंगी।

शेयर करें:

संबंधित खबरें