जनशक्ति उजाला
समाचार

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवी सिंह का निधन, 83 वर्ष की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

1970 बैच के आईएएस अधिकारी की प्रशासनिक कार्यशैली रही अलग पहचान

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह (एवी सिंह)।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह (एवी सिंह)।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह (एवी सिंह) का बुधवार, 11 नवंबर को 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में शोक का माहौल है। उनके बेटे धनंजय विजय सिंह ने निधन की जानकारी देते हुए बताया कि अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर 3 बजे भोपाल के सुभाष नगर विश्राम घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में किया जाएगा।

1970 बैच के आईएएस अधिकारी थे एवी सिंह

22 अक्टूबर 1943 को जन्मे एवी सिंह मध्यप्रदेश कैडर के 1970 बैच के आईएएस अधिकारी थे। प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने अपनी सख्त कार्यशैली, मजबूत प्रशासनिक पकड़ और स्पष्ट फैसलों के लिए अलग पहचान बनाई। उनके काम करने के तरीके और बेबाक अंदाज के किस्से प्रशासनिक महकमे में लंबे समय तक चर्चा में रहे।

मुख्य सचिव के रूप में संभाली अहम जिम्मेदारी

एवी सिंह ने अपने प्रशासनिक करियर में भोपाल और ग्वालियर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टर के रूप में भी सेवाएं दीं। मार्च 2002 में उन्हें मध्यप्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। जनवरी 2004 तक उन्होंने इस पद पर जिम्मेदारी निभाई। इसी दौरान दिसंबर 2003 में उमा भारती के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें राज्य निर्वाचन आयुक्त की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।

सेवानिवृत्ति के बाद भी बेबाकी रही चर्चा में

वर्ष 2022 में रातापानी जंगल लॉज रिसोर्ट से जुड़े जमीन स्वामित्व के मामले में उनका वन विभाग के साथ विवाद सामने आया था। विभाग ने उनके बेटे धनंजय सिंह को नोटिस जारी किया था। इस पर एवी सिंह ने तत्कालीन मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी। उन्होंने वन विभाग पर परेशान करने का आरोप लगाया था। इसके बाद राज्य शासन ने मामले की जांच कराई थी।

सुभाष नगर विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार

परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर 3 बजे भोपाल के सुभाष नगर विश्राम घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से प्रदेश ने प्रशासनिक सेवा के एक ऐसे अधिकारी को खो दिया, जिनकी पहचान सख्त कार्यशैली और स्पष्ट फैसलों के लिए रही।

शेयर करें:

संबंधित खबरें