जनशक्ति उजाला
समाचार

मध्यप्रदेश में 25 नवंबर से बदलेंगे शराब की आपूर्ति और बिक्री के नियम

नहीं किया नियमों का पालन तो होगी कड़ी कार्रवाई

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
शराब की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए नए नियम लागू होंगे ।
शराब की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए नए नियम लागू होंगे ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में शराब की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाने के लिए आबकारी विभाग 25 नवंबर से नए नियम लागू करने जा रहा है। इसके तहत देसी और विदेशी शराब की प्रत्येक खेप के साथ गुणवत्ता प्रमाण-पत्र और संबंधित बैच की रासायनिक जांच रिपोर्ट देना अनिवार्य होगा। निर्धारित दस्तावेजों के बिना शराब की आपूर्ति और बिक्री नहीं की जा सकेगी।

हर बैच की होगी गुणवत्ता जांच

आबकारी आयुक्त दीपक कुमार सक्सेना ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। नई व्यवस्था के तहत शराब निर्माण इकाइयों को अपनी प्रयोगशालाओं में प्रत्येक बैच का रासायनिक परीक्षण कराना होगा। निर्धारित मानकों पर खरा उतरने और मानव उपभोग के योग्य पाए जाने के बाद ही संबंधित खेप फैक्ट्री से बाहर भेजी जा सकेगी। यह प्रावधान देसी शराब के साथ विदेशी स्पिरिट और बीयर पर भी लागू होगा।

अप्रमाणित स्टॉक की बिक्री पर रोक

यदि किसी भंडारगृह में पहुंचने वाली शराब की खेप के साथ गुणवत्ता प्रमाण-पत्र नहीं मिलता है या दस्तावेज अधूरे और अप्रमाणित पाए जाते हैं, तो संबंधित स्टॉक को अलग सुरक्षित रखा जाएगा। ऐसी खेप को दूसरे भंडारगृह में भेजने या लाइसेंसधारी ठेकेदार को बिक्री के लिए मुहैया कराने की अनुमति नहीं होगी।

ई-आबकारी पोर्टल पर अपलोड होगी रिपोर्ट

प्रत्येक खेप भंडारगृह पहुंचने पर उसका गुणवत्ता प्रमाण-पत्र ई-आबकारी पोर्टल पर अपलोड करना होगा। फुटकर शराब विक्रेता भी संबंधित बैच की जांच रिपोर्ट मांग सकेंगे। मांग किए जाने पर भंडारगृह प्रभारी को निर्माण इकाई से प्राप्त रासायनिक जांच रिपोर्ट की प्रमाणित प्रति मुहैया करानी होगी। जिला आबकारी अधिकारियों को व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई

विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना गुणवत्ता प्रमाण-पत्र शराब की आपूर्ति करने या निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और लाइसेंसधारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नई व्यवस्था का उद्देश्य शराब की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ नकली, जहरीली और मिलावटी शराब की आपूर्ति पर अंकुश लगाना है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें