जनशक्ति उजाला
समाचार

मांगों पर अड़े मध्यप्रदेश के ड्राइवर, तीसरे दिन भी जारी रही अनिश्चितकालीन हड़ताल

सड़कों पर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ।
ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से परिवहन व्यवस्था पर असर पड़ने लगा है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रांतीय ड्राइवर कल्याण महासंघ के आह्वान पर शुरू हुआ 'स्टेयरिंग छोड़ो अभियान' 14 नवंबर को भी जारी रहा। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ड्राइवरों ने काम बंद रखकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। कुछ जिलों में आंदोलन को लेकर प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हुए और ड्राइवरों को समझाइश देने के लिए मौके पर पहुंचे।

सरकार तक मांगें पहुंचाने के बाद भी नहीं निकला रास्ता

महासंघ का कहना है कि ड्राइवर लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में सरकार और संबंधित विभागों को पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस समाधान सामने नहीं आने के कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लेना पड़ा। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर सुनवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस चालानी कार्रवाई से लेकर कामकाज की परेशानियों तक उठाए सवाल

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश विश्वकर्मा के मुताबिक, वाहन चालकों को काम के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लंबी दूरी की यात्राओं के कारण उन्हें कई-कई दिन परिवार से दूर रहना पड़ता है। इसके बावजूद उनकी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। संगठन ने पुलिस की चालानी कार्रवाई पर भी आपत्ति जताई है। आरोप है कि कई बार बेवजह चालान बनाए जाते हैं और वाहन मालिक भी गलतियों की जिम्मेदारी ड्राइवरों पर डाल देते हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी उठानी पड़ती है।

प्रदेशभर में मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क

प्रांतीय ड्राइवर कल्याण महासंघ का मुख्य संचालन भोपाल के कटारा हिल्स स्थित रापड़िया के कृष्णा गार्डन से होता है। संगठन के अनुसार, मध्यप्रदेश में उसके करीब साढ़े चार लाख ड्राइवर पंजीकृत हैं। प्रदेश के अलावा देश के विभिन्न राज्यों में भी महासंघ का सदस्यता आधार फैला हुआ है।

प्रशासन की समझाइश के बावजूद आंदोलन जारी

हड़ताल के चलते माल और यात्री परिवहन से जुड़ी गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका है। कुछ जिलों में प्रशासनिक अधिकारियों के ड्राइवरों के बीच पहुंचकर उन्हें समझाइश देने की खबरें भी सामने आई हैं। इसके बावजूद महासंघ अपनी मांगों पर कायम है। संगठन ने साफ किया है कि मांगों पर समाधान निकलने तक स्टेयरिंग छोड़ो अभियान वापस नहीं लिया जाएगा। ऐसे में हड़ताल आगे भी जारी रहने पर प्रदेश की परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें