मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शहडोल को बड़ा तोहफा, 461 करोड़ के विकास कार्यों के साथ कई अहम घोषणाएं
तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में राशि अंतरित, जनजातीय विद्यार्थियों को अब 12 महीने मिलेगी छात्रवृत्ति

मध्यप्रदेश में जनकल्याण और विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि देने के साथ शिक्षा, रोजगार, सड़क, आवास और खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार फाइलों से नहीं, फैसलों से चलती है और उसकी प्राथमिकता लोगों की समस्याओं का समाधान कर उनके जीवन में बदलाव लाना है।
9.77 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को राशि अंतरित
शहडोल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 9,77,696 तेंदूपत्ता संग्राहकों को 22 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि अंतरित की। उन्होंने 22.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वन विभाग कार्यालय का लोकार्पण भी किया। जिले में कुल 461.73 करोड़ रुपये के 134 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों, लाड़ली बहनों, वन उपज संग्राहकों और जनजातीय परिवारों को आर्थिक संबल देने के लिए काम कर रही है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है।
विद्यार्थियों, युवाओं के लिए घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने जनजातीय विद्यार्थियों को अब 10 महीने के बजाय पूरे 12 महीने छात्रवृत्ति देने की घोषणा की। शहडोल में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से 34 हाईस्कूल भवनों और जनजातीय कन्या छात्रावासों के निर्माण का भी उल्लेख किया। विद्यार्थियों के लिए को-एजुकेशन महाविद्यालय और आगामी शैक्षणिक सत्र में नए निजी विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की गई। युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रदेश में एक लाख नई भर्तियों की दिशा में काम करने की बात भी कही।
उद्योग, सड़क और आवास पर जोर
मुख्यमंत्री ने शहडोल में प्रस्तावित इस्पात कारखाने से करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई। उन्होंने शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग से महाविद्यालय और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र तक सड़क निर्माण तथा गीता भवन बनाने की घोषणा की। उमरिया में एमपीआरडीसी की नई सड़क भी बनाई जाएगी।
हाथियों के उत्पात से क्षतिग्रस्त मकानों की जगह पक्के मकान बनाने और किसानों के खेतों में फेंसिंग कराने की बात कही गई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पास रेस्क्यू जू सेंटर बनाने और होम स्टे स्थापित करने के लिए दो लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा भी की गई।
डेयरी और खेल सुविधाओं को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने 25 गायों के साथ डेयरी स्थापित करने की प्रस्तावित योजना का उल्लेख करते हुए 40 लाख रुपये की परियोजना में 10 लाख रुपये की सरकारी सहायता की व्यवस्था बताई। शहडोल में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने और फुटबॉल सहित खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, विधायक श्रीमती मनीषा सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



