मध्यप्रदेश में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा फैसला
संपत्ति की खरीद-बिक्री होगी आसान

मध्यप्रदेश में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि की रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब संपत्ति जिस जिले में स्थित है, रजिस्ट्री कराने के लिए उसी जिले के पंजीयन कार्यालय जाना जरूरी नहीं होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 नवंबर को 'सर्वत्र' (SARVATR) डिजिटल सुविधा की शुरुआत करेंगे। नई व्यवस्था से प्रदेश के किसी भी दूसरे जिले के निर्धारित पंजीयन कार्यालय में जाकर संपत्ति का पंजीयन कराया जा सकेगा।
दस्तावेजों की जांच के बाद मिलेगी एनओसी
नई व्यवस्था के तहत संपत्ति बेचने वाले व्यक्ति को उस जिले के पंजीयन कार्यालय में ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होगा, जहां संपत्ति स्थित है। संबंधित जिले के उप पंजीयक दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच करेंगे। इसके लिए पांच दिन की समय सीमा निर्धारित की गई है। जांच पूरी होने के बाद एनओसी जारी की जाएगी। इसके आधार पर खरीदार और विक्रेता प्रदेश के किसी अन्य जिले के पंजीयन कार्यालय में उपस्थित होकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
शुरुआत में 23 उप पंजीयक कार्यालय तैयार
इस सुविधा को लागू करने के लिए शुरुआती चरण में 23 उप पंजीयक कार्यालय तैयार किए गए हैं। इसके माध्यम से संपत्ति के मूल जिले से अलग स्थान पर पंजीयन कराने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए दूसरे जिले तक बार-बार जाना पड़ता है।
पंजीयन प्रक्रिया में बढ़ेगी पारदर्शिता
सरकार की इस पहल का उद्देश्य संपत्ति के पंजीयन को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाना है। डिजिटल माध्यम से दस्तावेजों की जांच और एनओसी जारी होने से प्रक्रिया को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। 'सर्वत्र' व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों को रजिस्ट्री के लिए स्थान संबंधी बाध्यता से राहत मिलने की उम्मीद है।



