चित्रकूट से गुप्त गोदावरी तक 81.17 करोड़ की फोरलेन सड़क, सीएम मोहन यादव ने किया भूमि पूजन
चित्रकूट में बनेगा भव्य वनवासी राम लोक, ओरछा के श्रीरामराजा लोक सहित 239.87 करोड़ के विकास कार्यों से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार।

मध्य प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में चित्रकूट और ओरछा में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक 81.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली फोरलेन सड़क का भूमि पूजन किया। इस मार्ग के निर्माण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पर्व और त्योहार हमारी सांस्कृतिक पहचान और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रतीक हैं। सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और उनकी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
चित्रकूट में बनेगा भव्य वनवासी राम लोक
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में श्री महाकाल लोक के बाद अब ओरछा में श्रीरामराजा लोक और भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम ने अपने 14 वर्ष के वनवास में 11 वर्ष से अधिक समय चित्रकूट में बिताया था। इस दृष्टि से यह क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है। उन्होंने ओंकारेश्वर का उल्लेख करते हुए आदि शंकराचार्य और उनके गुरु के मिलन की ऐतिहासिक परंपरा को भी याद किया।
दीपोत्सव में शामिल होकर किया दीपदान
शनिवार को पांच दिवसीय दीपोत्सव मेले में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने मंदाकिनी नदी के पंचवटी घाट पर दीपदान किया और कामतानाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को मिठाई बांटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सड़क किनारे दीपक बेच रहे बच्चों से मुलाकात कर दीये खरीदे और उन्हें उपहार दिए। मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में पीपा पुल तथा आकस्मिक चिकित्सा शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने एक दुकान पर कुल्हड़ वाली चाय भी पी।
ओरछा में 239.87 करोड़ के विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने ओरछा में विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां पर्यटन और सांस्कृतिक विकास के लिए कुल 239.87 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें 126.96 करोड़ रुपये की लागत से श्रीरामराजा लोक का निर्माण शामिल है। इसके अलावा पुरातत्व विभाग के 7.5 करोड़ और पर्यटन विभाग के 19.73 करोड़ रुपये के कार्य भी जारी हैं। लक्ष्मी मंदिर की चारदीवारी, रायप्रवीण महल एवं उद्यान, नजीर बाग और फूल बाग के संरक्षण कार्य पूरे हो चुके हैं।
बुंदेली कला और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने ओरछा में बुंदेली कला, चित्रकारी और स्थानीय खानपान के स्टॉलों का निरीक्षण किया। बालिकाओं की बनाई पेंटिंग्स की सराहना करते हुए उन्होंने कुछ चित्र खरीदे। प्रदर्शनी में शामिल सभी 21 प्रतिभागियों के प्रत्येक स्टॉल को पांच-पांच हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।



