मोहन कैबिनेट के फैसलों से गांवों को बड़ी राहत, विकास की कई योजनाओं को रफ्तार
बिजली, पशुपालन और सहकारिता से लेकर ओंकारेश्वर के अद्वैत लोक तक बड़े फैसले

मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में ग्रामीण विकास, बिजली व्यवस्था, पशुपालन और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई बैठक में सात हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों पर सहमति बनी। बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने फैसलों की जानकारी दी।
46 हजार से अधिक घरों तक पहुंचेगी बिजली
कैबिनेट ने पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के पहले चरण में 193.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। इससे प्रदेश की 1,834 ऐसी बसाहटों में बिजली पहुंचाने का काम होगा, जहां 20 या उससे अधिक घर बिजली से वंचित हैं। योजना के तहत 46,574 घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों का विद्युतीकरण किया जाएगा। इसमें केंद्र सरकार की 60 प्रतिशत और राज्य सरकार की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी।
गौपालकों को मिलेगा एक लाख रुपये तक पुरस्कार
देशी नस्ल की गायों के संरक्षण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को मंजूरी दी गई। वर्ष 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक चयनित वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता होगी। इसके बाद वर्ष 2027-28 से 2030-31 तक सभी 313 विकासखंडों में यह आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन कम से कम छह लीटर दूध देने वाली उन्नत देशी नस्ल की गाय रखने वाले पशुपालक इसमें पात्र होंगे। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
सहकारी बैंकों को 325 करोड़ की सहायता
प्रदेश के नौ कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को पूंजीगत सहायता के रूप में 325 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव एक साल के लिए आगे बढ़ाए गए हैं। पंचायतों के पुनर्गठन और लंबित प्रक्रियाओं को इसकी वजह बताया गया है।
ओंकारेश्वर में बनेगा अद्वैत लोक
ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक (शंकर संग्रहालय) के विकास के लिए 2,278.99 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को जारी रखने के लिए 3,059.07 करोड़ और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान संबंधी योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। खनिज सर्वेक्षण के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम को नोडल एजेंसी बनाया गया है।



