इंदौर और भोपाल में मेट्रो सफर होगा आसान, 30 सेकंड में मिलेगा टिकट
30 अक्टूबर से दोनों शहरों के स्टेशनों पर मिलेगी सुविधा, यूपीआई भुगतान के साथ दिव्यांग यात्रियों के लिए भी विशेष व्यवस्था

मध्य प्रदेश में मेट्रो यात्रियों को टिकट लेने के लिए अब लंबी कतारों में लगने की जरूरत कम होगी। भोपाल और इंदौर मेट्रो के स्टेशनों पर 30 अक्टूबर से ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों की सुविधा शुरू की जा रही है। इन मशीनों के जरिए यात्री स्वयं टिकट खरीद सकेंगे और यूपीआई से भुगतान कर लगभग 30 सेकंड में टिकट प्राप्त कर सकेंगे। नई व्यवस्था से टिकट वितरण को तेज और सुविधाजनक बनाने के साथ डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा मिलेगा।
हर स्टेशन पर दो मशीनें, खुद खरीद सकेंगे टिकट
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीएमआरसीएल) ने टिकटिंग व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के लिए दोनों शहरों में यह सुविधा तैयार की है। भोपाल के प्रायोरिटी कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर मशीनें लगाई गई हैं। वहीं, इंदौर में सुपर कॉरिडोर से रेडिसन चौराहे के बीच स्थित मेट्रो स्टेशनों पर दो-दो टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।
यात्री मशीन की स्क्रीन पर क्यूआर टिकट का विकल्प चुनकर अपने गंतव्य स्टेशन का चयन करेंगे। इसके बाद स्क्रीन पर किराया और भुगतान के लिए क्यूआर कोड दिखाई देगा। किसी भी यूपीआई एप से कोड स्कैन कर भुगतान करने पर मशीन से टिकट प्राप्त किया जा सकेगा।
दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए ब्रेल लिपि की सुविधा
नई टिकटिंग व्यवस्था में दिव्यांग यात्रियों की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है। मशीनों में दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए ब्रेल लिपि का प्रावधान किया गया है। इससे मेट्रो सेवाओं को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में मदद मिलेगी।
एप और टिकट काउंटर का विकल्प भी रहेगा
वेंडिंग मशीनों के अलावा यात्री एमपीएमआरसीएल मोबाइल एप और स्टेशनों पर मौजूद टिकट काउंटरों से भी टिकट ले सकेंगे। डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था में यूपीआई, क्यूआर कोड और ई-वॉलेट जैसे कैशलेस भुगतान विकल्प उपलब्ध हैं।
31 दिसंबर तक टिकट पर विशेष छूट
मेट्रो यात्रियों को 31 दिसंबर 2026 तक प्रमोशनल छूट का लाभ भी मिलेगा। सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट, रिटर्न जर्नी टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर कुल 35 प्रतिशत छूट दी जा रही है। ग्रुप टिकट के लिए कम से कम दो यात्री होना जरूरी है। हालांकि, 20 रुपये के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत छूट लागू नहीं होगी।
इसके अलावा ई-वॉलेट रिचार्ज पर राशि के अनुसार 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस दिया जा रहा है। टिकट वेंडिंग मशीनों की शुरुआत से भोपाल और इंदौर में यात्रियों के लिए टिकट खरीदने की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।



