जनशक्ति उजाला
समाचार

मध्यप्रदेश में प्रशासनिक इकाइयों का नए सिरे से होगा पुनर्गठन, जनसुविधा पर रहेगा जोर

आयोग अध्यक्ष एस.एन. मिश्रा ने इंदौर में अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश4 मिनट पढ़ें
इंदौर में प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग की बैठक में चर्चा करते अध्यक्ष एस.एन. मिश्रा और अन्य अधिकारी ।
इंदौर में प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग की बैठक में चर्चा करते अध्यक्ष एस.एन. मिश्रा और अन्य अधिकारी ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुगम, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के लिए संभाग, जिला, तहसील, उपखंड और विकासखंड सहित विभिन्न प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन की प्रक्रिया चल रही है। इस कवायद में केवल प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव ही नहीं, बल्कि सरकारी अमले की कार्यक्षमता, पद संरचना और नागरिकों तक सेवाओं की पहुंच को भी केंद्र में रखा जाएगा। प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के अध्यक्ष एस.एन. मिश्रा ने बुधवार को इंदौर में आयोजित बैठक में यह बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनर्गठन का मुख्य आधार जनसुविधा, स्थानीय आवश्यकताएं और बेहतर प्रशासनिक सेवा वितरण होगा।

विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन से अलग है आयोग का काम

प्रशासनिक संकुल में हुई बैठक में आयोग अध्यक्ष ने बताया कि यह आयोग विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों का परिसीमन नहीं कर रहा है। उसका दायरा प्रदेश की प्रशासनिक इकाइयों की सीमाओं, संरचना और कामकाज में सुधार तक सीमित है। विधानसभा एवं लोकसभा क्षेत्रों का परिसीमन अलग केंद्रीय आयोग का विषय है। उन्होंने बताया कि आयोग प्रदेश के 51 जिलों में जिला स्तरीय बैठकें कर चुका है। इंदौर 52वां जिला है, जहां अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। बड़े जिलों में भ्रमण कर मौजूदा प्रशासनिक व्यवस्था और व्यावहारिक कठिनाइयों का भी अध्ययन किया जा रहा है।

तहसील और ब्लॉक की सीमाओं का होगा समन्वित परीक्षण

मिश्रा ने कहा कि कई स्थानों पर पूर्व में जिला सीमाओं के निर्धारण के दौरान तहसील या विकासखंड के पूरे क्षेत्र को एक जिले में शामिल नहीं किया गया। इसके कारण कुछ नागरिकों को प्रशासनिक कामकाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इस बार जिला, उपखंड, तहसील और विकासखंड की सीमाओं का एक साथ परीक्षण किया जाएगा। जनसंख्या, क्षेत्रफल, भौगोलिक परिस्थितियों और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप प्रशासनिक इकाइयों का आकार तय करने पर जोर रहेगा।

नई इकाइयों के गठन के लिए तय होंगे मापदंड

आयोग चार प्रमुख बिंदुओं पर सुझाव और अध्ययन कर रहा है। इनमें मौजूदा प्रशासनिक इकाइयों की सीमाओं में जरूरी बदलाव, नई इकाइयों के गठन के लिए दिशा-निर्देश एवं मापदंड, प्रशासनिक पद संरचना तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की दक्षता और कौशल विकास शामिल हैं। अध्यक्ष ने कहा कि केवल स्थानीय मांग के आधार पर नई इकाई बनाने का निर्णय उचित नहीं होगा। इसके लिए कार्यालयों, कर्मचारियों, आधारभूत सुविधाओं और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता का भी आकलन करना होगा।

डिजिटल दौर के अनुरूप बदलेगी प्रशासनिक कार्यप्रणाली

आयोग प्रशासनिक अमले की भूमिका और आवश्यकता का भी नए सिरे से परीक्षण कर रहा है। मिश्रा के अनुसार, डिजिटल तकनीक और बदलती कार्यप्रणाली के कारण प्रशासन में डेटा विश्लेषण, कानूनी सहायता, सांख्यिकी और विशेषज्ञ सेवाओं की जरूरत बढ़ी है। ऐसे में अधिकारियों-कर्मचारियों की संख्या के साथ उनकी योग्यता और कार्यकौशल का आकलन भी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा पदों को समाप्त करना उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनकी जिम्मेदारियों को समय की जरूरत के अनुसार पुनर्परिभाषित करना और आवश्यकतानुसार पदों का पुनर्विन्यास करना है।

अधिकारियों से लेकर आम नागरिकों तक से लिए जाएंगे सुझाव

पुनर्गठन की अनुशंसाएं तैयार करने के लिए आयोग प्रश्नावली और निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से जानकारी जुटा रहा है। इसके जरिए मैदानी अधिकारियों, तहसील और विकासखंड स्तर के प्रशासनिक अमले से भी सुझाव लिए जाएंगे। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के अनुभवों को भी प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाएगा। नागरिक अपनी समस्याओं और सुझावों को कलेक्टर के माध्यम से आयोग तक पहुंचा सकेंगे। आयोग इन सुझावों और प्रशासनिक अनुभवों के आधार पर मौजूदा व्यवस्था में सुधार के प्रस्ताव तैयार करेगा।

नई इकाइयों के साथ सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी

अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासनिक इकाइयों का आकार व्यावहारिक होना चाहिए। बहुत छोटी इकाई में पर्याप्त कर्मचारी और संसाधन जुटाना चुनौती बन सकता है, जबकि बड़ी इकाई में निगरानी और नागरिकों तक सेवाएं पहुंचाने में कठिनाई आती है। इसलिए दोनों के बीच संतुलन जरूरी है। नई इकाई गठित होने पर वहां कार्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य सेवाओं, विशेषज्ञ अधिकारियों और जरूरी बुनियादी ढांचे की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी।

दूसरे राज्यों के मॉडल का भी हो रहा अध्ययन

आयोग मध्यप्रदेश की परिस्थितियों के अनुरूप बेहतर व्यवस्था विकसित करने के लिए अन्य राज्यों की प्रशासनिक संरचना, पद व्यवस्था और पुनर्गठन के मॉडल का भी अध्ययन कर रहा है। वहां के अनुभवों का परीक्षण कर आयोग अपनी अनुशंसाएं तैयार करेगा। बैठक में आयोग के सदस्य मुकेश शुक्ला ने प्रश्नावली और प्रपत्रों के माध्यम से जानकारी जुटाने की प्रक्रिया समझाई। इस दौरान आयोग के सचिव अक्षय सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें