जनशक्ति उजाला
समाचार

भाईदूज पर लाड़ली बहनों को मिला उपहार, पिछोर के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने खोला घोषणाओं का पिटारा

1.24 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंची 1831 करोड़ की राशि

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: पिछोर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
पिछोर में लाड़ली बहना योजना की 42वीं किश्त जारी करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव । मंच पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
पिछोर में लाड़ली बहना योजना की 42वीं किश्त जारी करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव । मंच पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को भाईदूज के अवसर पर आर्थिक सहायता की सौगात मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार, 13 नवम्बर को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन से प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में योजना की 42वीं किश्त के रूप में 1831 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। प्रत्येक हितग्राही को 1500 रुपये मिले। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पिछोर के विकास से जुड़ी कई मांगों पर भी सहमति जताते हुए योजनाओं को लेकर आश्वासन दिए।

स्व-सहायता समूहों को भी मिली आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 5.5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों को नगद साख सीमा के तहत 200 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लाड़ली बहना योजना शुरू होने से नवंबर 2026 तक 69 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि दी जा चुकी है।

परिसीमन आयोग की अनुशंसा पर बनेगा पिछोर जिला

पिछोर को जिला बनाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए गठित परिसीमन आयोग की अनुशंसा के बाद सरकार आवश्यक सहयोग करेगी। उन्होंने पिछोर में सांदीपनि विद्यालय और सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने, खनियांधाना के रेडी चौराहा पर पुलिस चौकी खोलने तथा बामोरकलां में महाविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की। कासना नाले पर पुल निर्माण, पिछोर किले में पांच करोड़ रुपये के विकास कार्य और मोतीसागर झील के सौंदर्यीकरण के लिए राशि उपलब्ध कराने की बात भी कही।

शिवपुरी को 221 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने शिवपुरी जिले के लिए 221.22 करोड़ रुपये की लागत वाले 121 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें 186.23 करोड़ रुपये के 85 कार्यों का भूमिपूजन और 35 करोड़ रुपये के 36 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

महिलाओं को रोजगार और उद्योगों में भागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों के नियोक्ताओं को प्रत्येक रोजगाररत महिला के लिए पांच हजार रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास, सिंचाई और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की महिला एवं किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी दी।

शेयर करें:

संबंधित खबरें