जनशक्ति उजाला
समाचार

नशामुक्ति अभियान की सराहना, बड़वानी में वन औषधि शोध संस्थान बनाएगी मोहन सरकार

मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं, छात्रावास से लेकर वन अधिकार पट्टों तक पर किया ऐलान

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: बड़वानी, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
शेयर करें:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए शिव पंथ समुदाय की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन में बुराइयों और विकृतियों को जन्म देता है। इसे समाज से दूर करने के लिए सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने बड़वानी जिले में वन औषधियों के संरक्षण के लिए वन औषधि शोध संस्थान स्थापित करने सहित कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं।

नशे के खिलाफ समाज को एकजुट होने का आह्वान

सोमवार 26 अक्टूबर को ग्राम अजगरिया में शरद पूर्णिमा के अवसर पर शिव पंथ समुदाय के आध्यात्मिक एवं सामाजिक आयोजन में मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित किया। उन्होंने शिव पंथ के संस्थापक परम पूज्य गुरुवर्य श्री वनसिंह महाराज तथा उनके बताए मार्ग पर चल रहे श्री कालूसिंह महाराज और सुमली माताजी को नमन किया।

डॉ. यादव ने कहा कि मनुष्य जीवन को नशे में व्यर्थ करने के बजाय ऐसे कार्यों में लगाना चाहिए, जिनसे जीवन की सार्थकता सिद्ध हो। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्ति संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2029 तक देश और मध्यप्रदेश से नशे की बुराई समाप्त करने के लक्ष्य के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। सरकार और समाज की साझेदारी से बड़े लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने शरद पूर्णिमा की परंपरा का उल्लेख करते हुए शिव पंथ में खीर के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश देने की पहल की भी सराहना की।

दूध उत्पादन बढ़ाने किसानों को प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है। किसानों को दुग्ध उत्पादन और गौशाला संचालन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ अनुदान देने की बात कही। उन्होंने बताया कि पशुपालक समितियों के माध्यम से दूध बेचकर आय अर्जित कर सकते हैं और दुग्ध उत्पादन पर सरकार की ओर से बोनस भी दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

बड़वानी जिले को विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने जिले के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें खुपजदेव धाम का निर्माण और वहां तक सड़क बनाने, ग्राम अजगरिया में बालक और बालिकाओं के लिए 100-100 सीटर छात्रावास बनाने तथा ग्राम पांजरिया (ध) में 50 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त शेड बनाने की घोषणा शामिल है। ग्राम धवली में पुलिस चौकी स्थापित करने की बात भी कही गई।

इसके अलावा बारेली भाषा के संरक्षण और विकास के लिए दस्तावेजों के संरक्षण एवं शोध, सिकल सेल बीमारी की रोकथाम के लिए जांच, परामर्श और उपचार सुविधाएं बढ़ाने तथा वन औषधियों के संरक्षण के लिए बड़वानी में शोध संस्थान बनाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जनजातीय ग्रामीणों के वन अधिकार पट्टे शेष हैं, उन्हें पट्टे दिए जाएंगे। जिन लोगों को पट्टे मिल चुके हैं, उनकी रजिस्ट्री भी सरकार कराकर देगी।

सत्संग के जरिए नशामुक्ति का संदेश

शिवपंथी सत्संग संगठन ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से नशामुक्ति के लिए काम कर रहा है। संगठन की मान्यता है कि आध्यात्मिकता और सत्संग से मिलने वाली आंतरिक शांति व्यक्ति को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करती है।

शिव पंथ में गुरु-शिष्य परंपरा के तहत दीक्षा से पहले सवा माह यानी लगभग 38 दिन तक ब्रह्मचर्य का संकल्प निभाने की परंपरा बताई गई है। संकल्प पूरा करने के बाद ही शिष्य को दीक्षा दी जाती है। महिलाओं को भी दीक्षा दी जाती है।

शरद पूर्णिमा के आयोजन में दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों से हजारों ग्रामीण पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव के स्मरण के साथ धार्मिक भजन प्रस्तुत किए गए। श्रद्धालुओं के बीच दूध प्रसादी और चावल की खिचड़ी का वितरण भी किया गया।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

टीआई दिलीप पुरी केस के मामले में राहुल जायसवाल गिरफ्तार, अवैध शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी कबूली

टीआई दिलीप पुरी केस के मामले में राहुल जायसवाल गिरफ्तार, अवैध शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी कबूली

गुजरात तक फैले तस्करी नेटवर्क का खुलासा, पुलिस के सामने कई नाम बताए

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालादेवास, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
किसानों को सीएम की सौगात, धान पंजीयन की तारीख 4 नवंबर तक बढ़ाई; सिवनी में बनेगा फूड पार्क

किसानों को सीएम की सौगात, धान पंजीयन की तारीख 4 नवंबर तक बढ़ाई; सिवनी में बनेगा फूड पार्क

डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली किया संबोधित

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालासिवनी/भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें