शिकायत की तो प्रैक्टिकल में जीरो देंगे : प्रिंसिपल ने छात्रों को धमकाया
कलेक्टर ने निलंबन का प्रस्ताव भेजने की बात कही

इंदौर के मल्हार आश्रम स्कूल में हॉस्टल की बदहाल व्यवस्थाओं की शिकायत करना सुपर-100 योजना के विद्यार्थियों को भारी पड़ गया। आरोप है कि हॉस्टल में गंदे पानी, खराब पंखों, चोक शौचालयों और जर्जर भवन की समस्याओं को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने वाले विद्यार्थियों को स्कूल के प्रिंसिपल देवेंद्र रामिश ने प्रैक्टिकल में जीरो नंबर देने और वार्षिक परीक्षा में फेल करने की धमकी दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्रिंसिपल के निलंबन के लिए प्रस्ताव भेजने की बात कही है।
शिकायत करने पर भड़के प्रिंसिपल
सामने आए वीडियो में प्रिंसिपल विद्यार्थियों से सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने वाले छात्र के बारे में पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं। एक विद्यार्थी ने बताया कि उसके कमरे का पंखा करीब दो सप्ताह से खराब है। कई बार शिकायत करने के बावजूद उसे ठीक नहीं कराया गया। इस पर प्रिंसिपल नाराज हो गए और विद्यार्थियों को शिकायत करने के तरीके को लेकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थियों ने बिना बताए शिकायत की है तो वे भी बिना बताए उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
मोबाइल में लिखे जीरो नंबर देने के निर्देश
वीडियो में प्रिंसिपल अपने मोबाइल फोन पर दो विद्यार्थियों के नाम लिखते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने संदेश में इन विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल में जीरो नंबर देने और वार्षिक परीक्षा में फेल करने की बात लिखी। उन्होंने दोबारा शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। बातचीत के दौरान प्रिंसिपल यह कहते सुनाई देते हैं कि अब वे अपनी बदमाशी दिखाएंगे।
हॉस्टल की व्यवस्थाओं से परेशान विद्यार्थी
मल्हार आश्रम में सुपर-100 योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों को आईआईटी-जेईई की तैयारी कराई जाती है। विद्यार्थियों के अनुसार हॉस्टल में पीने के पानी की समस्या है। शौचालयों की सफाई नहीं होती और कई शौचालय चोक हैं। कमरों के पंखे खराब हैं तथा भवन की स्थिति भी ठीक नहीं है। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थियों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी।
प्रिंसिपल की ओर से माफी की बात सामने आई
मामले में प्रिंसिपल की ओर से विद्यार्थियों से माफी मांगने की बात सामने आ रही है। हालांकि, कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्रिंसिपल के व्यवहार को अनुचित बताया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने के लिए धमकाना गलत है। मामले की जांच कर संबंधित लोगों के बयान लिए गए हैं। प्रिंसिपल के निलंबन के लिए प्रस्ताव जल्द ही आयुक्त को भेजा जाएगा।



