मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर इंदौर में विकास का उत्सव, तीन किसानों को मिले ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेश की प्रगति को सराहा

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर इंदौर में रविवार को उल्लास और उत्साह के बीच आयोजित समारोह में प्रदेश के विकास की तस्वीर के साथ किसानों के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिली। राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर सभागृह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। समारोह का खास आकर्षण किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के तहत चयनित तीन किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटी के पुरस्कार प्रदान करना रहा।
विकास के क्षेत्र में बदलाव का जिक्र
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश में सड़क, सिंचाई, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वर्ष 2003 में प्रदेश की सिंचाई क्षमता लगभग सात लाख हेक्टेयर थी, जबकि अब इसका तेजी से विस्तार हुआ है। प्रदेश में एक लाख किलोमीटर से अधिक अच्छी सड़कों का निर्माण किया गया है। सरकार का लक्ष्य सिंचाई का रकबा बढ़ाकर एक करोड़ हेक्टेयर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बेहतर सिंचाई सुविधाओं से किसानों को एक से अधिक फसल लेने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के अवसर मिले हैं।
उन्होंने शिक्षा सुविधाओं के विस्तार और प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास के साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को भी संरक्षित किया जा रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
तीन किसानों को मिले आकर्षक पुरस्कार
किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व विजन-2026 के तहत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में लॉटरी से चयनित इंदौर जिले के तीन किसानों को सम्मानित किया गया। देपालपुर तहसील के बछौड़ा निवासी जितेंद्र मौर्य को 7.26 लाख रुपये मूल्य का ट्रैक्टर, हातोद तहसील के कराड़िया निवासी गोपाल सिंह चौधरी को 1.68 लाख रुपये की बुलेट मोटरसाइकिल और नैनोद निवासी शैलेन्द्र सिंह को 1.20 लाख रुपये की ई-स्कूटी के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। किसानों ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। उनका कहना था कि ऐसे आयोजन आधुनिक कृषि तकनीक और यंत्रों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम में कृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत अथर्व साहे को एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति का प्रमाण पत्र भी दिया गया। विकासात्मक गतिविधियों और विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। जिले के प्रमुख शासकीय भवनों को रोशनी से सजाया गया। इस अवसर पर महापौर परिषद के सदस्य नंदू पहाड़िया, पार्षद प्रशांत बडवे, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



